नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव में आए नतीजों के बाद हेमंत सोरेन ने एक संवाददाता सम्मेलन करके राज्य की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए राज्य का गठन कराया गया था उसे अब पूरा करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि यह महागठबंधन की जीत है। आज हमें अपने मकसद को पूरा करने के लिए संकल्प लेना होगा। अपने पिता शिबू सोरेन के साथ साथ हेमंत ने अपने गठबंधन के सहयोगी साथियों के बड़े नेताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता ने राज्य में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों को पूरा करना हमारा मकसद है। आज का दिन राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह उत्साह का दिन है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी वर्गों के लिए विकास का कार्य किया जाएगा चाहे वह नौजवान हो या किसान हो। हम सभी को हम साथ लेकर चलेंगे। सरकार बनाने को लेकर हेमंत ने कहा कि सभी चीजों का निर्णय एक बैठक के बाद लिया जाएगा जिसमें महागठबंधन के सभी दल शामिल होंगे।