Friday, April 19

प्रधानमंत्री 12 जनवरी को कर्नाटक के हुबली में इस वर्ष के राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे: अनुराग सिंह ठाकुर

नई दिल्ली (IMNB).

मुख्य बिन्दु:

• केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा कर्नाटक सरकार के सहयोग से 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

• इस वर्ष महोत्सव का विषय ‘विकसित युवा विकसित भारत’ है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को कर्नाटक के हुबली में इस वर्ष के राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। 26वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 12 से 16 जनवरी, 2023 तक कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में आयोजित किया जाएगा और इसका आयोजन कर्नाटक सरकार के सहयोग से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है।

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, इस महोत्सव का उद्देश्य अमृत काल के दौरान राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बढ़ाना है। इसलिए, यह युवाओं के बीच प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए ‘पंच प्रण’ के संदेश को प्रसारित करने का एक प्रयास होगा। श्री अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि भारत इस साल जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है, जो हर भारतीय के लिए बहुत गर्व की बात है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय जी-20 की वाई (यूथ)-20 गतिविधियों के लिए पूरे देश में ‘वाई टॉक्स’ का आयोजन कर रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव वाई-20 की थीम के बारे में युवाओं को संवेदनशील बनाकर देश भर में वाई-20के लिए उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी वाई-20 के संदेश और विषयों को देश के कोने-कोने तक ले जाएंगे। श्री अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि केवल बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग कर युवा महोत्सव को हरित उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के मिशन लाइफ (एलआईएफई) और हरित ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001LBXO.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002OE62.jpg

महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए भारत सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव श्रीमती मीता आर. लोचन ने कहा कि कर्नाटक सरकार के सहयोग से केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय हुबली-धारवाड़, कर्नाटक में26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इस उद्घाटन समारोह में 30,000 से अधिक युवा शामिल होंगे,जहां प्रधानमंत्री उनके साथ अपना विज़न साझा करेंगे। इस अनूठे पांच दिवसीय आयोजन के दौरान, मान्यता प्राप्त और अपने कार्यक्षेत्र में अग्रणी, पूरे भारत के 7500 से अधिक युवा प्रतिनिधि, सीखने की विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने के लिए एक साथ मौजूद होंगे। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ है।

महोत्सव की गतिविधियों में शामिल हैं (1) छात्र केंद्रित शासन और डिजिटल इंडिया जैसे प्रासंगिक विषयों पर चर्चा। अपने क्षेत्र के अग्रणी और अन्य विशेषज्ञ, निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ इस बारे में जीवंत चर्चा करेंगे कि छात्र-केंद्रित शासन को कैसे सुविधाजनक बनाया जाए। (2)साहसिक खेल गतिविधियां, जैसे स्कूबा डाइविंग आदि को शामिल किया गया है। (3) कलारिपयतु (केरल), सिलंबम (तमिलनाडु), गतका (पंजाब), मल्लखंब (महाराष्ट्र) जैसे पारंपरिक खेलों की प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। (4)लोक नृत्य और लोक गीत जैसे प्रतिस्पर्धी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा, जिनमें विभिन्न राज्यों के समूह भाग लेंगे। गैर-प्रतिस्पर्धी दिलचस्प कार्यक्रमों में शामिल हैं- सामाजिक विकास मेला ‘युवा कृति’, ‘एडवेंचर फेस्टिवल’, ‘सुविचार’, ‘युवा कलाकार कैंप’ आदि।

युवा शिखर सम्मेलन में निम्नलिखित विषयों पर दो तरफा चर्चा शामिल होगी: i) कार्य, उद्योग, नवाचार और 21वीं सदी के कौशल का भविष्य, ii) जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम में कमी, iii) शांति निर्माण और सुलह, iv) साझा भविष्य-लोकतंत्र में युवा और शासन, v) स्वास्थ्य और लोक कल्याण।

इस महोत्सव में कई कार्यक्रमों का पूरे देश में लाइव प्रसारण किया जाएगा ताकि करोड़ों युवा भी पूरे महोत्सव में शामिल हो सकें।

इस वर्ष यह महोत्सव हरित युवा महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जहां केवल पुन: उपयोग करने योग्य कटलरी,नैपकिन आदि का उपयोग किया जा रहा है। सभी स्मृति चिन्ह, पदक, स्टेशनरी पुन: उपयोग होने वाली सामग्री से बने हैं। डिस्पोजल के उपयोग को कम करने के लिए वाटर रिफिलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

15 जनवरी को, कर्नाटक के 31 जिलों से 5 लाख लोगों को शामिल कर सवेरे 6 बजे से 8 बजे के बीच एक योगाथन की योजना भी बनाई गई है।

देश भर में महोत्सव की अवधि के दौरान युवाओं की भागीदारी के साथ बड़ी संख्या में गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

****

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *