
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला व पुरुष टीम को पहला खो-खो विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने महिला टीम के लिए एक्स पर एक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा: “भारतीय महिला टीम को पहला खो-खो विश्व कप जीतने पर बधाई! यह ऐतिहासिक जीत उनके बेजोड़ कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का परिणाम है। इस जीत ने भारत के सबसे पुराने पारंपरिक खेलों में से एक इस खेल को और अधिक प्रसिद्धि दिलाई है, जिससे देश भर में असंख्य युवा एथलीटों को प्रेरणा मिली है। उम्मीद है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और अधिक युवाओं के लिए इस खेल को अपनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।”
एक दूसरे पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय पुरुष टीम को बधाई देते हुए एक्स पर पोष्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा: “आज भारतीय खो खो के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।
खो खो विश्व कप का खिताब जीतने पर भारतीय पुरुष खो खो टीम पर बहुत गर्व है। उनका धैर्य और समर्पण सराहनीय है। यह जीत युवाओं के बीच खो खो को और अधिक लोकप्रिय बनाने में योगदान देगी।”







