Ro no D15139/23

नशे से दूर रहकर युवा अपने भविष्य और देश का भविष्य सुरक्षित करें : महापौर जगदीश रामू रोहरा

एससीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ एवं राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम का समापन

 

धमतरी, 2 सितंबर 2026। नगर निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा ने युवाओं से नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आज का जागरूक, स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेगा। युवाओं को अपने स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति सजग रहते हुए सकारात्मक सोच एवं अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

 

महापौर श्री रोहरा आज सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर द्वारा एससीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

 

महापौर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी प्रभावित होती है। इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जागरूकता और सहभागिता आवश्यक है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, सकारात्मक संगति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ाव है।

 

मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग बने ज्ञान एवं कौशल का माध्यम

 

महापौर श्री रोहरा ने युवाओं में बढ़ते मोबाइल एवं सोशल मीडिया के उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक आज शिक्षा और कौशल विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। इसका उपयोग समय की बर्बादी के बजाय ज्ञान अर्जन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नई तकनीक सीखने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तलाशने तथा रचनात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से डिजिटल माध्यमों के उपयोग में आत्म-अनुशासन और समय प्रबंधन को प्राथमिकता देने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सकारात्मक सोच एक सफल जीवन की आधारशिला हैं। इसके लिए युवाओं को नियमित व्यायाम, खेलकूद, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली को अपनाना चाहिए।

 

संतुलित पोषण से स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण

 

राष्ट्रीय पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने कहा कि शरीर और मस्तिष्क के समुचित विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार आवश्यक है। भोजन में प्रोटीन, विटामिन, खनिज एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का संतुलित समावेश होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों तथा श्रीअन्न (मिलेट्स) को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोषण के प्रति जागरूकता केवल बच्चों और महिलाओं तक सीमित न रहकर प्रत्येक परिवार और युवा तक पहुंचनी चाहिए।

 

मन पर नियंत्रण से नकारात्मक विचारों पर विजय

 

समापन दिवस पर ब्रह्माकुमारी केंद्र की गरिमा दीदी ने विद्यार्थियों को ध्यान, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मन को नियंत्रित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचार उसके व्यवहार और जीवन की दिशा तय करते हैं। सकारात्मक विचारों एवं स्वस्थ दिनचर्या को अपनाकर तनाव, नकारात्मकता और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहा जा सकता है। विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में ध्यान एवं आत्मचिंतन को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश

 

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति एवं पोषण विषयों पर निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विजेता प्रतिभागियों को समापन समारोह में महापौर श्री रोहरा एवं अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि नशे से दूरी केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को ‘स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें’ की भावना के साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में पार्षद श्री संतोष सोनकर, श्री हेमंत बंजारे एवं श्री नंदू लोधी, छत्तीसगढ़ राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित कुश्ती प्रशिक्षक श्री लक्ष्मण लाल साहू, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष श्री राम कुमार साहू तथा नगर निगम स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षक श्री टिक्की निर्मलकर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय के एनसीसी एवं एनएसएस विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता रही। समापन अवसर पर कार्यक्रम में सहयोग एवं सहभागिता के लिए महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा, श्री लक्ष्मण लाल साहू, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री आकांक्षा मरकाम तथा एनसीसी अधिकारी श्री दिनेश्वर सलाम को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्र प्रदर्शनी एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों, पोषण के महत्व तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

// पाराशर//

  • Related Posts

    बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ रही प्रदेश सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    *मुख्यमंत्री श्री साय भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में हुए शामिल*   *चार विकास कार्यों की घोषणा, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों…

    Read more

    देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर हो रहा आयोजन – केंद्रीय राज्य खेल मंत्री डॉ.खड़से

    *छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की गूँज पूरे राज्य में ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ के रूप में गूँजेगी – उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव*  …

    Read more

    NATIONAL

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    ‘भारत है रिफाइनिंग सुपरपावर’! आखिर रुबियो ने ऐसा क्यों कहा?

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने कहा- हम बेहद करीब, पिछले समझौतों से बिल्कुल अलग होगी यह डील

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    बसपा में आकाश आनंद के प्रचार कार्यक्रम पर मायावती की मुहर, अब ईशान संभालेंगे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश पर कहलगांव में विजयादशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    भारत की इस नदी को क्यों कहा जाता है पुरुष नदी, जानिए क्या है इसकी कहानी

    ‘रिजीम चेंज’ की बहस: लोकतांत्रिक असहमति या सत्ता-विरोधी साजिश?

    ‘रिजीम चेंज’ की बहस: लोकतांत्रिक असहमति या सत्ता-विरोधी साजिश?