
*डिजिटल सुविधा से समय और श्रम की बचत, पवन कुमार ने ऑनलाइन प्राप्त किए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र*
रायपुर,10 सितंबर 2026/ राज्य शासन द्वारा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे डिजिटल प्रयासों का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं तक आसान पहुंच का प्रभावी माध्यम बन रहा है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और उनके समय एवं श्रम की बचत हो रही है।
इसी पहल से लाभान्वित हुए सूरजपुर जिला के ग्राम हार्राटिकरा निवासी श्री पवन कुमार ने अपने बच्चों लक्ष्य कुमार एवं लक्ष्मी राजवाड़े के आवश्यक दस्तावेजों के लिए सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हुए।
श्री पवन कुमार ने बताया कि पहले आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शासकीय कार्यालय जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिसमें काफी समय और श्रम लगता था। सेवा सेतु के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने से यह प्रक्रिया उनके लिए काफी आसान हो गई। उन्होंने कहा कि बिना अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाए प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें काफी सुविधा मिली है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए किए जा रहे डिजिटल प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी तकनीक के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ सरल और सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों की अनेक शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। डिजिटल माध्यम से सेवाओं की पहुंच आसान होने से नागरिकों के समय और श्रम की बचत हो रही है तथा शासकीय सेवाएं पहले से अधिक सहज, सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बन रही हैं।









