Ro no D15139/23

( रायपुर समाचार) रायपुर में कल लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, 426 पदों पर भर्ती का अवसर

 
10वीं से स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा मौका, ₹30 हजार तक प्रतिमाह वेतन

रायपुर, 15 अक्टूबर 2026/ रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा 16 अक्टूबर को शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बैरन बाजार, रायपुर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें छह नियोजक कंपनियों द्वारा कुल 426 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की उपसंचालक श्रीमती पुष्पा चौधरी ने बताया कि रोजगार मेले में एलएक्सईआर कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, आईकैमेट एचआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, आर.एस. इंक., शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, एसएल फाइनेंशियल सर्विसेज एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड तथा इंडिया हेल्प पॉइंट डॉट कॉम सहित कुल छह नियोजक शामिल होंगे।

इन कंपनियों में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक उत्तीर्ण तथा आईटीआई, डिप्लोमा एवं इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों को ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित तिथि एवं समय पर शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बैरन बाजार, रायपुर में उपस्थित होना होगा। साथ ही रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा सभी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक है।

जिला स्तरीय रोजगार मेला अभ्यर्थियों एवं नियोजकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। रिक्त पदों की संख्या, निर्धारित योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in, ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ अथवा जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से प्राप्त की जा सकती है।

वीबी-जी रामजी से बना प्रदेश का पहला सोलर बालिका शौचालय, बेटियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात
मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत ग्राम तर्रा में 7 लाख रुपए की लागत से निर्मित शौचालय में सौर ऊर्जा से प्रकाश व्यवस्था
दिव्यांग बालिकाओं के लिए विशेष शौचालय और रैंप की सुविधा

रायपुर, 15 अक्टूबर 2026/ विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत संचालित ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत तर्रा के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में प्रदेश का पहला सोलर बालिका शौचालय बनाया गया है। लगभग 7 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस आधुनिक शौचालय में सौर ऊर्जा से प्रकाश व्यवस्था के साथ दिव्यांग बालिकाओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यालय की 70 छात्राओं और दो महिला शिक्षिकाओं को बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की बेटियों के सम्मान के लिए वीबी-जीरामजी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान प्रारम्भ किया है। इस अभियान के तहत 26 जनवरी 2027 के गणतंत्र दिवस तक पूरे राज्य के सभी ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय का अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति और शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

सौर ऊर्जा से प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांग बालिकाओं के लिए विशेष सुविधा

ग्राम तर्रा में शौचालय निर्माण के लिए वीबी-जी रामजी योजना से 5 लाख रुपए तथा कलेक्टर श्री गौरव सिंह द्वारा गौण खनिज विकास मद से 2 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं। भवन की छत पर सोलर पैनल स्थापित किया गया है, जिससे प्रकाश की व्यवस्था होगी। पानी की उपलब्धता के लिए नल एवं सिंटेक्स टंकी लगाई गई है। इसके साथ बालिकाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी पैड इंसिनिरेटर भी लगाया गया है। दिव्यांग बालिकाओं की सुविधा के लिए अलग शौचालय, रैंप और सहारे के लिए रेलिंग बनाई गई है। परिसर में पेवर ब्लॉक, पौधरोपण एवं साफ-सफाई की व्यवस्था भी की गई है।

जर्जर शौचालय से मिल रही थी परेशानी, अब छात्राओं में खुशी

ग्राम तर्रा के इस विद्यालय में पूर्व में निर्मित शौचालय पूरी तरह जर्जर हो चुका था। इसके कारण छात्राओं को कई बार शौचालय के उपयोग के लिए घर जाना पड़ता था, जबकि महिला शिक्षिकाओं को पंचायत भवन की सुविधा का सहारा लेना पड़ता था। इस समस्या से छात्राओं की पढ़ाई और स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहे थे। विद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए नए शौचालय का निर्माण स्वीकृत किया गया, जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के सहयोग से पूर्ण किया गया।

नया शौचालय बनने से छात्राओं में खुशी है। उन्होंने बताया कि पहले शौचालय के अभाव में काफी परेशानी होती थी और कई बार विद्यालय आने का मन भी नहीं करता था। अब स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय उपलब्ध होने से वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। महिला शिक्षिकाओं ने भी इस सुविधा के लिए प्रसन्नता व्यक्त की है।

अभनपुर जनपद में 94 बालिका शौचालयों के निर्माण की तैयारी

जनपद पंचायत अभनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीं दयानंद देवांगन ने बताया कि ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत जनपद क्षेत्र में 94 बालिका शौचालयों के निर्माण के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। ग्राम तर्रा में निर्मित बालिका शौचालय की तरह अन्य चिन्हित स्थानों पर भी सुविधाजनक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इस शौंचालय को एयरपोर्ट के जैसे बनाया गया है। जिस प्रकार से एयरपोर्ट के शौंचालयों में सभी सुविधाएं दी जाती है, उसी तर्ज पर कलेक्टर श्री गौरव सिंह के मार्गदर्शन में सभी सुविधाओं के साथ बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखने हेतु सेनेटरी पैड इंसिनिरेटर भी लगाया जा रहा है।

ग्राम तर्रा की यह पहल ग्रामीण विद्यालयों में स्वच्छता, नवीकरणीय ऊर्जा और दिव्यांग अनुकूल अधोसंरचना के समन्वय का उदाहरण है। ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के माध्यम से बेटियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बालिका शौचालय निर्माण में गुणवत्ता की कमी पर कार्रवाई
निर्माणाधीन ढांचे को तोड़कर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पुनर्निर्माण के निर्देश

रायपुर, 15 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार विश्वरंजन के मार्गदर्शन में जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं जनपद स्तर के तकनीकी अमले द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विकासखंड तिल्दा की ग्राम पंचायत मूरा में वीबी जी राम जी के अंतर्गत निर्माणाधीन बालिका शौचालय के कॉलम की गुणवत्ता में कमी पाई गई। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने नाराजगी जताते हुए गुणवत्ताहीन निर्माण को तोड़कर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।

जिला स्तर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखे जाने को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत के कार्यक्रम अधिकारी, एसडीओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) और तकनीकी सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

पीएम आवास की चाबियां पाकर खिले हितग्राहियों के चेहरे
जनचौपाल के चौथे दिन नवागांव से बेलदार शिवनी तक सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-05 में चल रहे जनचौपाल एवं जनसमस्या निवारण अभियान के चौथे दिन प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाबियां सौंपी गईं। नवागांव से शुरू हुआ अभियान बुडेनी, भड़हा, बुड़गहन और बेलटुकरी होते हुए बेलदार शिवनी पहुंचा। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

ग्राम बेलदार शिवनी में एक बुजुर्ग महिला ने पुत्र के निधन के बाद फौती नामांतरण की समस्या रखी। नवीन अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। लकवा से ग्रसित जरूरतमंद को उपचार सहायता, ट्राइसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। नवीन अग्रवाल ने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्राम बेलटुकरी में जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब भी अभियान में शामिल हुए। बेलदार शिवनी में सतनाम सेना के अध्यक्ष पप्पू पुरैना के नेतृत्व में स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    सक्षम योजना से स्वरोजगार की राह पर बढ़ीं महिलाएं

    *सेवा की कहानी   *किराना दुकान और बांस शिल्प के लिए मिली 40-40 हजार रुपये की ऋण सहायता*   रायपुर , 15 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना…

    Read more

    दुर्ग न्यायालय में तकनीक से सिमट रही दूरी: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जमानत आवेदन का निराकरण, मुंबई और चेन्नई के गवाहों के बयान दर्ज

    *प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के प्रयासों से डिजिटल न्याय और विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल*   रायपुर, 15 अक्टूबर 2026/ न्याय…

    Read more

    NATIONAL

    प्रोटेस्ट के सबसे अचूक हथियार अनशन से क्यों बच रहे हैं राहुल गांधी और अभिजीत दीपके? बदलते दौर में इसका कितना रहा महत्व

    प्रोटेस्ट के सबसे अचूक हथियार अनशन से क्यों बच रहे हैं राहुल गांधी और अभिजीत दीपके? बदलते दौर में इसका कितना रहा महत्व

    अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने सुबह 5 बजे छोड़ा, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम

    अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने सुबह 5 बजे छोड़ा, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम

    रेणु देवी हत्याकांड में दो साल बाद फैसला, दोषी को उम्रकैद; DNA जांच से हुई मृतका की पहचान

    रेणु देवी हत्याकांड में दो साल बाद फैसला, दोषी को उम्रकैद; DNA जांच से हुई मृतका की पहचान

    गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत, जनता के अटूट विश्वास और विकास की विजय : गोमती साय

    गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत, जनता के अटूट विश्वास और विकास की विजय : गोमती साय

    ‘आतंकवादी, तुम यहां क्यों आए?’ न्यूयॉर्क में बांग्लादेशी प्रवासियों के गुस्से का सामना कर रहे मुहम्मद यूनुस

    ‘आतंकवादी, तुम यहां क्यों आए?’ न्यूयॉर्क में बांग्लादेशी प्रवासियों के गुस्से का सामना कर रहे मुहम्मद यूनुस

    VIDEO: राहुल गांधी ने डीके शिवकुमार को कॉलर पकड़कर पीछे खींचा? वायरल वीडियो पर कर्नाटक CM ने तोड़ी चुप्पी

    VIDEO: राहुल गांधी ने डीके शिवकुमार को कॉलर पकड़कर पीछे खींचा? वायरल वीडियो पर कर्नाटक CM ने तोड़ी चुप्पी