जशपुरनगर 16 अक्टूबर 2026/ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने जनपद पंचायत जशपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी भवन, स्व-सहायता समूह भवन, स्टॉपडेम मरम्मत, नहर सफाई और सीसी रोड निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार मूल्यांकन करने और आवश्यकतानुसार देय राशि में कटौती करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सारूडिह और कोमड़ो में निर्माण कार्यों का निरीक्षण
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत सारूडिह में निर्माणाधीन दो आंगनबाड़ी भवनों का जायजा लिया गया। यहां निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सीईओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों का नियमानुसार मूल्यांकन करने तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर प्रचलित नियमों के अनुसार मूल्यांकन राशि में कटौती करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम कोमड़ो में निर्माणाधीन गार्डवाल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।
स्टापडेम मरम्मत और नहर सफाई का लिया जायजा
ग्राम पंचायत किनकेल में स्टॉप डेम मरम्मत और नहर में गाद सफाई कार्य का निरीक्षण के दौरान सीईओ ने आसपास के क्षेत्र में किसानों द्वारा लगाई जाने वाली फसलों की जानकारी ली। साथ ही नहर से सिंचाई के माध्यम से ग्रामीणों एवं किसानों को होने वाले लाभ के संबंध में चर्चा की। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के बेहतर उपयोग, कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा जल संरचनाओं के समुचित रखरखाव के महत्व पर जोर दिया।
केरे और देशदेखा में भवन निर्माण किया निरीक्षण
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम केरे में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक तेजी लाते हुए भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, इसके पश्चात देशदेखा में निर्माणाधीन स्व-सहायता समूह भवन का निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, निर्धारित तकनीकी मानकों और अन्य आवश्यक पहलुओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सीटोंगा में सीसी रोड की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने ग्राम पंचायत सीटोंगा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और सीसी रोड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसी रोड निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किए जाने तथा सड़क की मोटाई निर्धारित मानकों से कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य का तकनीकी मानकों के आधार पर उचित मूल्यांकन करने तथा मूल्यांकन प्रतिवेदन में गुणवत्ता संबंधी कमियों का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमानुसार देय राशि में कटौती करने को कहा।
गुणवत्ता में कमियां पाए जाने पर की नाराज़गी व्यक्त, मूल्यांकन राशि में कटौती के निर्देश









