
Salman Khan was the Target not Tiger Shroff: बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर कोई पहली बार नहीं हैं, इससे पहले भी उन पर कई बार खतरे मंडरा चुके हैं. लेकिन हाल ही में एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने एक बेहद चौंकाने वाले सच को उजागर किया है. दरअसल, मुंबई पहुंचे इन शूटरों के असल निशाने पर टाइगर नहीं, बल्कि सलमान खान ही थे.
आरोपी ने सबसे पहले सलमान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ की रेकी की थी, लेकिन वहां की अभेद्य और भारी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उनके पसीने छूट गए. जब सलमान तक पहुंचना नामुमकिन लगा, तो उन्होंने अपनी साजिश का रुख मोड़ा और सलमान के करीबियों में खौफ पैदा करने के लिए टाइगर श्रॉफ को अपना शिकार बना लिया. हालांकि, पुलिस जांच में इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आना अभी बाकी है.
सलमान खान के घर की क्यों की गई रेकी?
इंडिया टुडे के रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने मुंबई पहुंचने के बाद सबसे पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी. अप्रैल 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग के बाद से ही वहां पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा रहता है. इसी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखकर शूटरों ने सलमान पर हमला करने का इरादा छोड़ दिया, क्योंकि उन्हें वहां से बचकर निकलना नामुमकिन लग रहा था.
टाइगर श्रॉफ कैसे बने निशाना?
रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटरों को सोशल मीडिया पोस्ट और फैन पेजों के जरिए पता चला था कि टाइगर श्रॉफ रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने जाते हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपियों को लगा कि टाइगर की सुरक्षा सलमान के मुकाबले कम है, इसलिए उन्होंने अपनी योजना में बदलाव किया.
18 अक्टूबर 2026 को टाइगर की गाड़ी पर पांच राउंड फायरिंग की गई. हालांकि इस हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए, लेकिन इस वारदात ने पूरी इंडस्ट्री में दहशत का माहौल बना दिया.
सलमान और टाइगर के बीच क्या है कनेक्शन?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से पहले ही यह धमकी दी जा चुकी है कि जो भी सलमान खान की मदद करेगा या उनके करीब रहेगा, उसे अंजाम भुगतना होगा. टाइगर श्रॉफ और सलमान खान के बीच अच्छे प्रोफेशनल रिलेशन हैं. पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या टाइगर पर हुआ हमला सलमान के करीबियों को डराने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था.
पुलिस जांच में खुलेंगे कई राज
टाइगर पर हुए हमले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से हथियारों की सप्लाई, गैंग से उनके संबंधों और हमले की असली वजहों को लेकर पूछताछ कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि सलमान के घर की रेकी और टाइगर पर हुए हमले के बीच की पूरी कहानी क्या है.
2024 में सलमान के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बीच विवाद पहले भी सुर्खियों में रहा है. 14 अप्रैल 2024 को सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. इस घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. काला हिरण शिकार मामले को लेकर भी बिश्नोई गैंग की ओर से सलमान को धमकियां दिए जाने की खबरें आती रही हैं.
अब टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग और सलमान के घर की कथित रेकी का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ गया है.









