
अम्बिकापुर 08 अप्रैल 2026/ मिट्टी की दीवारें और बरसात के दिनों में टपकती छत अब सिर्फ एक पूरानी याद हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से अब पक्की छत मिली है, बल्कि पूरे परिवार को एक नया सम्मानजनक जीवन दिया है। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मलंगवा खुर्द अंतर्गत रामनगर के रहने वाले मोहन राम पहाड़ी कोरवा हैं, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब हकीकत में बदल चुका है।
कच्चे मकान की चुनौतियों से मिली मुक्ति
श्री मोहन राम बताते हैं कि पहले उनका परिवार एक कच्चे मिट्टी के मकान में रहने को मजबूर था। बारिश का सीजन आते ही उनकी मुश्किलें बढ़ जाती थीं। कभी छप्पर का टूटना तो कभी घर के भीतर पानी टपकना आम बात थी। अपने चार बच्चों और वृद्ध माँ की सुरक्षा को लेकर वे हमेशा चिंतित रहते थे। आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक सपना जैसा था।
‘पीएम जनमन’ योजना ने लाया बदलाव
मोहन राम के जीवन में बदलाव की किरण तब आई, जब उन्हें प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत लाभान्वित हुए। केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से योजना की राशि प्राप्त होते ही उन्होंने मकान का निर्माण कार्य पूर्ण कराया। उनका कहना है कि मैं कई सालों से सोच रहा था कि काश मेरा भी एक पक्का घर होता, पर आर्थिक स्थिति आड़े आ जाती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की संवेदनशीलता से आज मेरा यह सपना पूरा हुआ है।
सुख और सुकून भरा वर्तमान
आज मोहन राम अपने चार बच्चों और मां के साथ इस नए आवास में बेहद खुश हैं। पिताजी की मृत्यु के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी मोहन पर थी, और अब एक सुरक्षित छत मिल जाने से वे भविष्य को लेकर निश्चिंत हैं। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचा रही है।
जनमन योजना का मुख्य उद्देश्य
प्रधानमंत्री जनमन योजना का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से पिछड़ी जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को आवास, स्वच्छ पेयजल और बेहतर बुनियादी सुविधाएँ प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। आज मोहन राम जैसे हजारों पहाड़ी कोरवा परिवार इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।









