
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीशियनों द्वारा परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार मिलेंगे जयपुर फुट सहित विभिन्न सहायक उपकरण
धमतरी, 3 सितंबर 2026। दिव्यांगजनों को अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी जिले में इस माह निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के विशेष प्रयासों से आयोजित होने वाला यह शिविर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर फुट के आयोजन तथा जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से इंडोर स्टेडियम, नगर पालिक निगम धमतरी में आयोजित किया जाएगा।
शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीशियनों द्वारा हितग्राहियों का परीक्षण एवं आवश्यक माप लिया जाएगा। परीक्षण के आधार पर पात्र हितग्राहियों को जयपुर फुट के कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ सहित अन्य उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जरूरत के अनुसार मिलेंगे विभिन्न सहायक उपकरण
शिविर में दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के लिए व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, कैलिपर्स, वॉकिंग स्टिक, बैसाखी, दृष्टिबाधितजनों के लिए ब्लाइंड स्टिक तथा श्रवण यंत्र सहित आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। पोलियो प्रभावित एवं चलने-फिरने में कठिनाई वाले दिव्यांगजनों के लिए कैलिपर्स सहित अन्य आवश्यक उपकरण भी परीक्षण के बाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
दिव्यांगजनों की सुविधा और गरिमा को प्राथमिकता
जिला प्रशासन द्वारा शिविर का आयोजन इस उद्देश्य से किया जा रहा है कि जिले के दिव्यांगजनों को आवश्यक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण के लिए दूरस्थ स्थानों की यात्रा न करनी पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर परीक्षण, माप एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की सुविधा मिल सके। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने, दैनिक कार्यों में सुविधा प्रदान करने तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
प्रशासन ने जिले के सभी ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों तथा नगरीय निकायों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शिविर की जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही इस महत्वपूर्ण निःशुल्क सेवा से वंचित न रहे। परिवारजन एवं देखभालकर्ता भी अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों को शिविर में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करें।
पंजीयन एवं जानकारी के लिए स्थानीय निकायों से करें संपर्क
शिविर में पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित हितग्राही अपने ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत अथवा नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर: +91 78695 82318
जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता, गतिशीलता और बेहतर जीवन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।









