
दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मिली 117.30 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति”
कुरूद क्षेत्र में 16 किमी मार्ग के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के लिए 35.87 करोड़ तथा धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के उन्नयन के लिए 81.44 करोड़ रुपये स्वीकृत
धमतरी, 03 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इससे न केवल आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि कृषि, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
कुरूद क्षेत्र के 16 किलोमीटर मार्ग के लिए 35.87 करोड़ रुपये
कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरीया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य के लिए 35 करोड़ 87 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल मद के अंतर्गत स्वीकृत हुआ है।
इस मार्ग के उन्नयन से कुरूद क्षेत्र के अनेक गांवों के बीच आवागमन बेहतर होगा। ग्रामीणों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालय, बाजार, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के लिए 81.44 करोड़ रुपये
वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग (मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-243) के 18.50 किलोमीटर मार्ग में से 11.40 किलोमीटर हिस्से में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य के लिए 81 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत किलोमीटर 1/2 से 5/10 तक 5 किलोमीटर में 4-लेन तथा किलोमीटर 6/2 से 12/4 तक 6.40 किलोमीटर में 2-लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस सड़क के उन्नयन से धमतरी शहर को गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र से बेहतर संपर्क मिलेगा तथा क्षेत्र में बढ़ती यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
देवपुर-कंडेल-छाती मार्ग बनेगा महत्वपूर्ण टू-लेन संपर्क
जिले में सड़क नेटवर्क के विस्तार की दिशा में देवपुर-कंडेल-छाती मार्ग का टू-लेन निर्माण भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस मार्ग के विकसित होने से क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय कर आवागमन करने की समस्या से राहत मिलेगी। वर्तमान में जिन क्षेत्रों के बीच आवागमन के लिए लोगों को लगभग 40 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, वहां बेहतर सीधा सड़क संपर्क उपलब्ध होने से समय और संसाधनों की बचत होगी।
यह मार्ग भविष्य में क्षेत्र के इकोनॉमिक कॉरिडोर के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में भी विकसित हो सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को प्रमुख बाजारों और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
दो वर्षों में धमतरी के सड़क नेटवर्क को नई पहचान देने की दिशा में कदम
धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना को व्यापक रूप से मजबूत करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। शहर में तीन फोरलेन सड़कें विकसित हो चुकी हैं, जबकि गौरव पथ के लिए भी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और टू-लेन-फोरलेन निर्माण के साथ आने वाले समय में जिले के सड़क नेटवर्क में व्यापक बदलाव दिखाई देगा।
इस दिशा में अगले दो वर्षों में जिले में लगभग 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य केवल सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि धमतरी को मजबूत, सुगम और आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ते हुए जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देना है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय विकास सोच कि मजबूत सड़कें ग्रामीण और शहरी विकास की आधारशिला हैं। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होती है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचें और अधोसंरचना के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सड़क अधोसंरचना के विस्तार और मजबूतीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। धमतरी जिले में स्वीकृत इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का सड़क संपर्क और बेहतर होगा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा—
राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सड़क अधोसंरचना का विकास जिले के समग्र विकास से सीधे जुड़ा है। बेहतर सड़कें ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन और रोजगार की गतिविधियों को भी गति देती हैं। इन परियोजनाओं से धमतरी के विकास को नई दिशा मिलेगी।
विधायक कुरूद श्री अजय चंद्राकर ने कहा—
विधायक कुरूद श्री अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद क्षेत्र के महत्वपूर्ण 16 किलोमीटर मार्ग के लिए 35.87 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति बड़ी विकास सौगात है। सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण धमतरी के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। यह मार्ग केवल आवागमन को सुगम बनाने वाली सड़क नहीं, बल्कि धमतरी शहर को गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र की पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनेगा। मार्ग के उन्नयन से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और गंगरेल सहित आसपास के पर्यटन क्षेत्रों तक पहुंच अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा—
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में सड़क एवं अन्य बुनियादी अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। स्वीकृत सड़क परियोजनाओं से आवागमन व्यवस्था मजबूत होने के साथ जिले के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होंगे निर्माण कार्य
शासन द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति के साथ निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं एवं शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति (टी.एस.) प्राप्त करने के बाद ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। कार्य की ड्राइंग एवं डिजाइन का सक्षम स्तर से अनुमोदन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रस्तावित निर्माण कार्य की निविदा कम से कम 90 प्रतिशत बाधा रहित भूमि उपलब्ध होने पर ही आमंत्रित की जाएगी।
धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना के विस्तार की ये पहल आने वाले वर्षों में जिले की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने के साथ ही शहर, गांव, बाजार और आर्थिक गतिविधियों को एक मजबूत सड़क नेटवर्क में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।









