
हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की ली जानकारी
*- ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश*
राजनांदगांव 03 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भर्रेगांव में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर योजना के क्रियान्वयन एवं लाभ की जानकारी ली। हितग्राही श्री नरेंद्र चंद्राकर एवं श्री दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कराया है। इससे बिजली की खपत एवं विद्युत व्यय में काफी कमी आयी है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 1 हजार हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है तथा योजना अंतर्गत लगभग 3 करोड़ रूपए की राशि हितग्राहियों को प्रदान की जा चुकी है। कलेक्टर को ग्रामीणों ने ग्राम के कुछ क्षेत्रों में पानी की समस्या से भी अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*स्कूल में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का किया निरीक्षण*
कलेक्टर ने ग्राम भर्रेगांव के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित एवं समयबद्ध तरीके से पढ़ाई करने तथा अतिरिक्त समय देकर विज्ञान विषय में दक्षता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
*डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का लिया जायजा*
कलेक्टर ने ग्राम भर्रेगांव में राजस्व विभाग द्वारा संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वेयर श्रीमती पवन रेखा साहू एवं श्री अनुज चंद्राकर द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्यों की जानकारी ली। श्रीमती पवन रेखा साहू ने बताया कि विभिन्न बाधाओं के बावजूद उनके द्वारा लगभग 200 खसरों का सर्वे कार्य पूर्ण किया जा चुका है। श्रीमती साहू ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना अंतर्गत लगभग 30 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई है, जिसे वे अपनी बच्ची के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। अब तक लगभग 50 हजार रूपए की राशि सुकन्या समृद्धि योजना में एकत्रित की जा चुकी है।








