
गंगरेल, माडमसिल्ली, सोंढूर और दुधावा में पर्याप्त जलभराव से सिंचाई की मजबूत स्थिति — समय पर खाद-बीज उपलब्ध, ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव की सुविधा
धमतरी, 4 सितंबर 2026। जिले में इस मानसून अच्छी बारिश और जलाशयों में पर्याप्त जलभराव ने किसानों के चेहरे पर उम्मीद और खुशी ला दी है। जिले के प्रमुख जलाशय गंगरेल, माडमसिल्ली, सोंढूर और दुधावा सहित अन्य जलस्रोतों में अच्छी जल उपलब्धता बनी हुई है। पिछले मानसून की तरह इस वर्ष भी जलाशयों की स्थिति संतोषजनक रहने से खरीफ फसलों के लिए सिंचाई की बेहतर संभावनाएं बनी हैं। इससे किसानों को फसल उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है।
पिछले वर्ष जिले के प्रमुख जलाशयों में पर्याप्त जलभराव रहा, जिसका सकारात्मक असर कृषि क्षेत्र पर देखने को मिला और किसानों को अच्छी पैदावार मिली। इस वर्ष भी मानसून के दौरान जलाशयों में पर्याप्त पानी होने से कृषि कार्यों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। जल उपलब्धता के साथ कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय पर खाद, बीज एवं आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है। जरूरत के अनुसार किसानों को कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए जल, कृषि आदान और आधुनिक तकनीक की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जलाशयों में पर्याप्त पानी किसानों के लिए बड़ी राहत और उम्मीद का आधार है। खरीफ फसल के लिए खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराया गया है तथा आवश्यकता के अनुसार किसानों को आगे भी उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ड्रोन तकनीक से कीटनाशक छिड़काव की सुविधा भी किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है।”
जिले में कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए 10 प्राथमिक कृषि साख समितियों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक दवाइयों के छिड़काव की व्यवस्था की गई है। इससे बड़े रकबे में कम समय में समान रूप से छिड़काव किया जा सकेगा। किसानों को पारंपरिक तरीके की तुलना में समय और श्रम की बचत के साथ अपेक्षाकृत कम लागत में सुविधा मिल सकेगी। कृषि विभाग द्वारा किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, उन्नत बीज, कीट प्रबंधन, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
किसान श्री हरिनारायण ग्राम ढीमरटिकुर ने बताया कि इस वर्ष खेतों में पर्याप्त नमी और जलाशयों में पानी होने से फसल को लेकर भरोसा बढ़ा है। समय पर खाद-बीज मिलने से खेती का काम सुचारू रूप से हुआ है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार भी धान की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है।
किसान श्री कृषक श्री खीमांशु गजेसिंग ग्राम सेलबहरा ने कहा कि पर्याप्त पानी और कृषि विभाग की सुविधाओं से खेती में काफी सहूलियत मिली है। ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव जैसी आधुनिक सुविधा मिलने से कम समय में खेतों में दवा का छिड़काव किया जा सकेगा। इससे मेहनत और लागत दोनों कम होने की उम्मीद है।
जिले में जल संसाधनों की उपलब्धता, समय पर कृषि आदानों की व्यवस्था और आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार से इस खरीफ मौसम में बेहतर उत्पादन की उम्मीद मजबूत हुई है। किसानों को उम्मीद है कि अनुकूल मौसम और पर्याप्त जल उपलब्धता का लाभ खेतों में अच्छी फसल के रूप में मिलेगा।









