जशपुरनगर 15 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है। स्व सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आजीविका के नए अवसर अपना रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बनकर परिवार की खुशहाली में योगदान दे रही हैं।
इसी की प्रेरक मिसाल कांसाबेल विकासखंड के ग्राम टांगरगांव की श्रीमती संज्योति चौहान हैं, जो बैंक सखी के रूप में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वयं भी आत्मनिर्भर बनी हैं। वे चांदनी स्व सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उन्हें आजीविका के नए अवसर विकसित करने में मदद मिली।
बैंकिंग सेवाओं से मिल रही नियमित आय
श्रीमती संज्योति चौहान वर्ष 2019 से ग्रामीण बैंक से संबद्ध बैंक सखी के रूप में कार्य कर रही हैं। वे किराना दुकान का संचालन करने के साथ ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं भी प्रदान करती हैं।
उनके माध्यम से प्रतिमाह लगभग 8 से 9 लाख रुपये का लेन-देन होता है, जिससे उन्हें औसतन 5 हजार रुपये की मासिक आय प्राप्त होती है। इसके अलावा वे डिजिटल भुगतान, बीमा सहित अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
समूह से मिले ऋण ने खोला आत्मनिर्भरता का रास्ता
बैंक सखी के रूप में कार्य शुरू करने के लिए श्रीमती चौहान ने स्व सहायता समूह के माध्यम से 68 हजार रुपये का ऋण लिया था। इस आर्थिक सहयोग से उन्हें अपना काम शुरू करने में मदद मिली। आज वे बैंकिंग सेवाओं और किराना दुकान के माध्यम से आय अर्जित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रही हैं।
श्रीमती संज्योति चौहान की सफलता बताती है कि स्व सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से मिलने वाला सहयोग ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए रास्ते खोल सकता है। उनकी यह उपलब्धि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
( राजनांदगांव समाचार) राजनांदगांव जिले में सड़क निर्माण के 6 कार्यों के लिए 14.89 करोड़ रूपए की स्वीकृति
राजनांदगांव जिले में सड़क निर्माण के 6 कार्यों के लिए 14.89 करोड़ रूपए की स्वीकृति – लगभग 13.81 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम…
Read more








