
जशपुरनगर 15 अक्टूबर 2026/ जिला प्रशासन जशपुर द्वारा संचालित नव संकल्प शिक्षण संस्थान में नए बैच में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर से शुरू होगी। जिले के युवाओं को विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। नवसंकल्प शिक्षण संस्थान में नए सत्र के तहत छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, छत्तीसगढ़ व्यापम, एसएसबी से संबंधित पटवारी, अमीन एवं छात्रावास अधीक्षक जैसी भर्ती परीक्षाओं तथा कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) जीडी परीक्षा की तैयारी के लिए बैच संचालित किए जाएंगे। इसके माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
चार केंद्रों में होगी प्रवेश परीक्षा
नए बैच में प्रवेश के लिए परीक्षा एक नवंबर को ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले के चार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव और बगीचा शामिल हैं। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 5 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 12, 13, 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 नवंबर 2026 से नए बैच की कक्षाएं प्रारंभ होंगी।
50 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क हॉस्टल सुविधा
संस्थान में प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर कुल 50 विद्यार्थियों को निःशुल्क हॉस्टल सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें छात्र एवं छात्राएं दोनों शामिल होंगे। इससे चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान आवास की सुविधा मिल सकेगी।
गूगल फॉर्म से करना होगा आवेदन
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन गूगल फॉर्म के माध्यम से जमा करना होगा। आवेदन फॉर्म का लिंक प्राप्त करने और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के आधिकारिक व्हाट्सऐप एवं टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन जशपुर एवं नवसंकल्प शिक्षण संस्थान द्वारा जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।









