
राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पंजीयन एवं सत्यापन के लिए राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। पोर्टल पर योजना के प्रावधानों के साथ मेरिट सूची भी उपलब्ध है। योजना के लिए पात्र विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर का उपयोग कर स्वयं पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के एआरएन नंबर का उपयोग करते हुए संबंधित दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का महाविद्यालयीन संस्था में अध्ययनरत होना आवश्यक है। विद्यार्थी पोर्टल पर उपलब्ध बोनाफाइड प्रमाण पत्र का प्रारूप डाउनलोड कर संबंधित महाविद्यालयीन संस्था से प्रमाणित करा सकते हैं। इसके साथ महाविद्यालय की फीस रसीद अपलोड करना तथा बैंक खाते से संबंधित आवश्यक जानकारी भरना अनिवार्य होगा। सभी आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों के साथ पूर्ण रूप से भरे आवेदन को संबंधित पूर्व शाला में भेजना होगा। आवेदनों का सत्यापन संबंधित विद्यार्थी द्वारा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की गई शाला तथा संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी, इन दो स्तरों पर किया जाएगा। दोनों स्तरों से सत्यापित आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) भेजा जाएगा। संबंधित शालाओं अथवा शाला समितियों के माध्यम से मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। योजना अंतर्गत अंतरिम मेरिट सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्ध बजट की सीमा के अनुसार अंतिम सूची तैयार कर पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी।









