
– नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलेगी आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं*
राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2026। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने नगर पालिक निगम राजनांदगांव परिसर में अत्याधुनिक आधार सुविधा केन्द्र का शुभारंभ किया। इस केन्द्र के प्रारंभ होने से नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने तथा आधार में आवश्यक सुधार एवं अद्यतन कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आधार संबंधी कार्यों के लिए नागरिकों को अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें सुविधाजनक तरीके से सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक आधार सुविधा केन्द्र प्रारंभ किया गया है। केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग सेवाओं तथा शैक्षणिक कार्यों के लिए आधार एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने आधार विवरण को समय-समय पर अद्यतन रखना चाहिए। आधार सुविधा केन्द्र में नया आधार नामांकन, डेमोग्राफिक अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट तथा दस्तावेज अद्यतन सहित आधार से संबंधित विभिन्न आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को आधार संबंधी समस्याओं का समाधान कराने में सुविधा होगी। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने नागरिकों से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने आधार डेटा को समय पर अद्यतन कराने की अपील की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम, आधार जिला समन्वयक, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी तथा नागरिक उपस्थित थे।









