
*सेवा की कहानी*
*- मूलचंद को प्रतिमाह बिजली बिल से मिलेगी राहत, अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आय की भी उम्मीद*
*- ग्राम पंचायत सचिव श्री मूलचंद कोसरिया सूर्यसभा के माध्यम से ग्रामीणों को कर रहे प्रेरित*
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बुढ़ानछापर के सचिव श्री मूलचंद कोसरिया को प्रतिमाह लगभग 400 रूपए बिजली बिल से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने हाल ही में अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया है। इससे घरेलू बिजली की जरूरत पूरी होने के साथ ही बिजली बिल में बचत होगी। वहीं खपत से अधिक बिजली उत्पादन होने पर ग्रिड में आपूर्ति से अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिल सकेगा।
श्री कोसरिया ने बताया कि उन्होंने स्वयं सोलर पैनल लगवाकर ग्रामीणों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे ग्राम पंचायत में सूर्यसभा आयोजित कर ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के फायदे और बिजली बिल में होने वाली बचत की जानकारी दे रहे हैं। उनकी पहल से प्रेरित होकर गांव के 11 परिवारों ने अपने घरों में सोलर पैनल लगवा लिए हैं, वहीं लगभग 8 ग्रामीणों ने आवेदन किया है। श्री कोसरिया ने कहा कि उनका प्रयास है कि गांव के अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च से राहत पाएं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी पहल से बुढ़ानछापर में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और गांव ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।









