
*सेवा की कहानी*
*- योजना से मिला सुरक्षित आशियाना*
*- वर्षों की परेशानियों से मिली मुक्ति, अब पक्के मकान में सुकून से रह रहा परिवार*
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2026। सिर पर पक्की छत और परिवार के लिए सुरक्षित आशियाना हर व्यक्ति का सपना होता है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई परिवारों के लिए यह सपना वर्षों तक अधूरा रह जाता है। नगर पंचायत छुरिया के वार्ड क्रमांक 03 राजीव गांधी वार्ड निवासी श्री हर्षद पटेल के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी खुशियों की नई सौगात लेकर आई है। योजना के अंतर्गत उनका पक्का आवास बनकर तैयार हो गया है। कभी कच्चे मकान की परेशानियों के बीच जीवन गुजारने वाला उनका परिवार आज अपने पक्के मकान में खुशी और सुकून के साथ रह रहा है। श्री हर्षद पटेल ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में निवास करता था। कच्चे मकान के कारण उन्हें अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के दिनों में परिवार की चिंता बढ़ जाती थी। पक्का मकान बनाने की इच्छा तो थी, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और वर्षों से संजोया पक्के घर का सपना साकार हो गया। श्री हर्षद पटेल ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब उनका पूरा परिवार पक्के मकान में सुरक्षित और सुकून भरा जीवन व्यतीत कर रहा है। कच्चे मकान की परेशानियां अब बीते दिनों की बात हो गई हैं। अपने घर की पक्की छत के नीचे परिवार के चेहरों पर आई मुस्कान उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी ने उनके परिवार को न केवल सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया है, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का नया आधार भी दिया है









