
*सेवा की कहानी*
*- 5850 रूपए प्रति क्विंटल की दर से चना बेचकर मिला लाभकारी मूल्य*
*- योजना से प्रोत्साहित होकर चना की खेती का रकबा बढ़ाने की तैयारी*
*- अन्य किसानों को भी दलहन की खेती और योजना का लाभ लेने के लिए कर रहे प्रेरित*
राजनांदगांव 17 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा) किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही दलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भाटागांव निवासी किसान श्री भूपेश कुमार साहू के लिए यह योजना आर्थिक संबल और खेती में आगे बढऩे की नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने वर्ष 2025-26 में पीएम आशा योजना के अंतर्गत 5850 रूपए प्रति क्विंटल की दर से चना बेचकर लाभकारी मूल्य प्राप्त किया। उपज का बेहतर मूल्य मिलने से उनका खेती के प्रति उत्साह बढ़ा है और अब वे चना की खेती का रकबा बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं।
श्री भूपेश कुमार साहू ने बताया कि पीएम आशा योजना के माध्यम से चना का अच्छा मूल्य मिलने से उन्हें आर्थिक लाभ हुआ है। इससे उन्हें दलहन की खेती का विस्तार करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में दलहन-तिलहन फसलों के समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ी है। शासन की इस पहल से किसानों का खेती के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है। किसान श्री साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे स्वयं चना की खेती बढ़ाने के साथ ही गांव के अन्य किसानों को भी दलहन की खेती अपनाने और पीएम आशा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी उपज बेचकर समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाएं खेती को लाभकारी बनाने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।









