
अम्बिकापुर 29 अक्टूबर 2026/ जिले में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर, अंबिकापुर में ‘सुरक्षित बचपन’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जे.आर. प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विधिक सेवा प्राधिकरण की नीलम बनसोडे ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, बच्चों को मिलने वाली कानूनी सहायता, नालसा की बाल हितैषी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी सुमंती खाखा ने पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा एवं स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया।
मिशन शक्ति की जिला समन्वयक नूतन सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसरों के महत्व की जानकारी दी। वहीं नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता तथा छात्र जीवन में अनुशासन के महत्व से अवगत कराया।
बच्चों को हेल्पलाइन सेवाओं और कानूनी सहायता की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित हेल्पलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली समझाई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा, शोषण अथवा असुरक्षित परिस्थिति में संबंधित हेल्पलाइन और विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर सुरक्षित, शिक्षित एवं सशक्त बालिकाओं को समृद्ध समाज की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राओं सहित कुल 250 प्रतिभागी उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 29 अक्टूबर 2026/ बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान के अंतर्गत दशमेश पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जे.आर. प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम 2012, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बच्चों को किसी भी प्रकार के यौन शोषण, उत्पीड़न एवं अनुचित व्यवहार से सुरक्षित रखना परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए किसी भी असहज या असुरक्षित परिस्थिति में बिना डर के अभिभावकों, शिक्षकों अथवा विश्वसनीय व्यक्तियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। बताया गया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन उत्पीड़न, यौन हमले एवं अश्लील उद्देश्यों के लिए उनके उपयोग जैसे अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। साथ ही ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालयों की व्यवस्था की गई है। बच्चों को अनुचित व्यवहार की पहचान करने और आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
हेल्पलाइन सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के प्रति किया जागरूक
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के संबंध में बताया गया। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण या परेशानी की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसरों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सुरक्षित वातावरण और अधिकारों के प्रति जागरूकता बच्चों के आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से श्री गिरवर सिंह राजपूत, श्रीमती कल्पना भगत एवं श्री नीरज फेलिक्स कुजूर, मिशन शक्ति हब की जिला समन्वयक नूतन सिंह, वित्तीय साक्षरता समन्वय विशेषज्ञ नेहा सिंह राजपूत सहित विद्यालय की प्राचार्य, सहप्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 29 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने ग्राम पंचायत लमगांव एवं डडगांव में कुल 3 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लमगांव में 32 लाख रुपये की लागत से बनेगा उप स्वास्थ्य केंद्र
विधायक श्री मिंज ने ग्राम पंचायत लमगांव में 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन किया। उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
डडगांव से दोरना तक 3.36 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी सड़क
इसी क्रम में विधायक श्री मिंज ने ग्राम पंचायत डडगांव में डडगांव से दोरना तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क के निर्माण के लिए 3 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क निर्माण से डडगांव, दोरना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, विधायक प्रतिनिधि श्री जयंत मिंज, ग्राम पंचायत लमगांव, दोरना एवं डडगांव के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








