
*- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए ग्रामीणों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी*
*- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में लाभान्वित हितग्राहियों ने की अपनी प्रतिक्रिया*
*- सूर्यघर सभा में ग्रामीणों से किया अधिक से अधिक पंजीयन कराने का आह्वान*
राजनांदगांव 17 जून 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा में आयोजित सूर्यसभा में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित रही। ग्राम बरगा में 224 से अधिक परिवार रहते हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघरमुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पंजीयन कराने और गांव को शत-प्रतिशत सोलर गांव बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम बरगा ने मिशन जल रक्षा, स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना महत्वाकांक्षी पहल है। जिसका उद्देश्य देश के हर घर तक मुफ्त बिजली पहुंचाना है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करना है तथा बिजली बिल मुफ्त अथवा बहुत कम करना है। इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैलन लगाने के लिए भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पूरी तरह लाभकारी योजना है। जिले में अब तक लगभग 3 हजार 500 हितग्राहियों के यहां सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश लोगों के बिजली बिल शून्य या 80 प्रतिशत तक कम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना भविष्य के लिए अत्यंत लाभदायक है।
सूर्यघर सभा के दौरान योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना उनके लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुई है। हितग्राही श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि सोलर संयंत्र लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह 1200 रूपए से 1500 रूपए तक आता था, जबकि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि अपने घर में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जनवरी 2026 में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित किया है। श्रीमती सरिता ने बताया कि खपत से ज्यादा उत्पादित अतिरिक्त बिजली विद्युत विभाग को भेजी जा रही है, जिसके बदले राशि उनके खाते में समायोजित हो रही है। इसी प्रकार ग्राम बरगा के सरपंच श्री विनोद कुमार कंवर ने भी सोलर संयंत्र स्थापित कराया है। सोलर संयंत्र लगने से पूर्व उनका बिजली बिल 2000-2500 रूपए तक आता था, जबकि संयंत्र स्थापित होने के बाद मई माह में उनका बिजली बिल 117 रूपए ऋणात्मक दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पहले केवल विद्युत उपभोक्ता थे, लेकिन अब वे अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर विद्युत विभाग को उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।
सूर्यघर सभा में अधिकारियों ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तथा राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रुपए, कुल 45 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जाती है। दो किलोवाट क्षमता पर केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल 90 हजार रुपए तथा तीन किलोवाट क्षमता पर केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए एवं राज्य सरकार से 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। ग्रामीणों को बताया कि सोलर संयंत्र की लगभग तीन से चार वर्षों में इसकी लागत की भरपाई हो जाती है। इसके बाद उपभोक्ता को लंबे समय तक नि:शुल्क बिजली का लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि सोलर संयंत्र से उत्पादित अतिरिक्त बिजली को विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।
क्रमांक 138 ——————————–









