
जशपुरनगर 18 जून 2026/ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को उपस्वास्थ्य केंद्र रौनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों से केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, प्रसव सेवाओं तथा मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर व्यास ने स्वास्थ्य कर्मियों को सेवाभाव एवं पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी पात्र नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन में जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार श्री तोष कुमार सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन पटेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









