
*- प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ग्राम मोरकुटूम्ब में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं लोकार्पण कार्यक्रम में हुए शामिल*
*- मुख्यमंत्री सरस्वती सायकल योजना के तहत 9वीं कक्षा के नव प्रवेशी छात्राओं को किया गया सायकल वितरण*
*- बच्चों को पाठ्यपुस्तक का किया गया वितरण*
राजनांदगांव 03 जुलाई 2026। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव आज छुरिया विकासखंड के ग्राम मोरकुटूम्ब में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने 75 लाख 23 हजार रूपए की लागत से निर्मित नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने नि:शुल्क मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल, विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने अगले शिक्षा सत्र से हाई स्कूल मोरकुटूम्ब को हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा की। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने छुरिया के निर्मित नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंच मार्ग, ब्राम्हणटोला में प्राथमिक शाला भवन, ग्राम घोरतालाब में नवीन पूर्व माध्यमिक शाला भवन, ग्राम गोपालपुर में हैंडपंप व शौचालय निर्माण तथा ग्राम भर्रीटोला में शिक्षक की व्यवस्था करने की घोषणा की।
प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभिभावकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर पालक-शिक्षक बैठक में शामिल हों तथा बच्चों की पढ़ाई और उपस्थिति की जानकारी ले। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों की भी समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से ही शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार संभव है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी जैसी परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्मार्ट क्लास व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मोरकुटूम्ब विद्यालय को भी स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों में भाषा, गणित एवं आधारभूत शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन किया जा रहा है। राज्य सरकार विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, साइकिल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में प्रार्थना, वंदना, संस्कार एवं अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने एवं बच्चों पर ध्यान देने का कहा।
खुज्जी विधायक श्री भोलाराम साहू ने कहा कि विद्यालय साधारण स्थल नहीं है। यहां विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य गढऩे का काम करते है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित विद्यालय भेजने का संकल्प लेने कहा। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले का शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण स्थान है, जहां वे शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है तथा शिक्षा के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों के जीवन का उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर होता है। विद्यालय का सकारात्मक वातावरण बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। घर पर माता-पिता बच्चों को अच्छे संस्कार देते हैं, वहीं विद्यालय में शिक्षक उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसा अमूल्य धन है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कठिन परिश्रम कर उन्हें विद्यालय भेजते हैं, इसलिए बच्चों को पूरी ईमानदारी और लगन से अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बच्चे शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, गुरूओं, गांव और देश का नाम रोशन करेंगे।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में पिछले शिक्षा सत्र में बोर्ड परीक्षाओं का उत्कृष्ट परिणाम रहा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यार्थियों को पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान पाठ्यक्रम आधारित नियमित अभ्यास कराया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 89 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए तथा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी वृद्धि हुई। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1800 अधिक विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में विद्यार्थियों को नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए नियमित रूप से पालक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाती है। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत श्री संजय सिन्हा, अध्यक्ष नगर पंचायत छुरिया श्री अजय पटेल, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिरम बाई मंडावी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत श्री प्रशांत ठाकुर, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री एमडी ठाकुर, श्रीमती राधिका चंद्रवंशी, श्रीमती बिशाखा बाई, एसडीएम श्री श्रीकांत कोराम, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीण, शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित थे।









