
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतिभाओं और खेलप्रेमियों का होगा सम्मान
धमतरी, 27 अगस्त 2026/ संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जन्मजयंती के अवसर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य जिले में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं और विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों की सहभागिता रहेगी।
जिला प्रशासन ने धमतरी जिले के समस्त खेल संघों के पदाधिकारीगण, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल से जुड़े नागरिकों सहित जिला मुख्यालय के सभी स्कूल एवं कॉलेजों के ऐसे विद्यार्थियों, जो खेल के प्रति समर्पित हैं, से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन, उनकी उपलब्धियों और खेल के प्रति समर्पण को स्मरण करने का अवसर भी है। यह दिवस युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित करता है।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के खेल समुदाय से इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम: राष्ट्रीय खेल दिवस
दिनांक: 29 अगस्त 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे से
स्थान: बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी
अधिक जानकारी के लिए आयोजन प्रभारी श्री जे.पी. देव, प्रभारी सहायक खेल अधिकारी, जिला धमतरी से मोबाइल नंबर 9301007368 पर संपर्क किया जा सकता है।









