
– गिरदावरी कार्य की नियमित मॉनिटरिंग एवं त्रुटिरहित कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
*- बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर होगा आयोजित*
*- कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने प्रभावी प्रयास के दिए निर्देश*
राजनांदगांव 01 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बायोमैट्रिक के माध्यम से समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग ई-ऑफिस अंतर्गत लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में चल रहे गिरदावरी कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गिरदावरी कार्य महत्वपूर्ण है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गिरदावरी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को सर्वेयरों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहरी फसल वाले रकबों का मौके पर जाकर अनिवार्य रूप से सत्यापन करने कहा। उन्होंने सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को हर हाल में सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। जिले के 338 आंगनबाड़ी केन्द्र कुपोषण मुक्त हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष ग्राम पंचायतों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को शत-प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सत्य साईं संस्था के सहयोग से बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने कहा।
*हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग एवं उपचार की नियमित मॉनिटरिंग -*
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य स्क्रीनिंग, समय पर सोनोग्राफी एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की प्रतिदिन मोबाइल के माध्यम से मॉनिटरिंग करने कहा। उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में अब तक 7 हजार 634 किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली।
*पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश -*
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित कर योजना के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने कहा। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 5 हजार 465 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। इससे हितग्राही ऊर्जा उत्पादक बनने के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने कहा।
*पशुओं की निगरानी एवं प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के दिए निर्देश -*
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में पशुओं की निगरानी एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को पशुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर खराब लाइटों को तत्काल दुरूस्त कराने कहा। उन्होंने पशुओं की सतत निगरानी के लिए पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी को टीम गठित कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम की जा सके।
*राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश -*
कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की संख्या कम करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर राहत सुनिश्चित करने कहा। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
*खाद की उपलब्धता एवं फसल बीमा की समीक्षा -*
कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए अवैध उर्वरक भण्डारण एवं विक्रय के विरूद्ध नियमित जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की। जिले में अब तक 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र का प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया जा चुका है।
सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।









