
कवर्धा/ नगर की प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम शाला गुरुकुल पब्लिक स्कूल में बालिकाओं को सशक्तिकरण और साइबर जागरूकता का संदेश देने के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। मीडिया प्रभारी शिक्षक ने बताया कि बालिकाओं के लिए विशेष रूप से आयोजित इस सेमिनार में बालिका सशक्तिकरण विषय की मुख्य वक्ता तैंतीस देशों का भ्रमण कर चुकीं सुप्रसिद्ध पर्वतारोही तथा साइक्लिस्ट समीरा खान तथा साइबर अपराध तथा उसकी रोकथाम से संबंधित जानकारी देकर बालिकाओं में जागरूकता पैदा करने से संबंधित वक्ता कबीरधाम साइबर विभाग के डीएसपी डॉ प्रशांत थे। शाला के प्राचार्य ने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय के सभागार में आयोजित सेमिनार में समीरा खान ने बालिकाओं की प्रतिभा उन्नयन में आ रही बाधाओं से बचने तथा प्रतिभा विकास के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा आगे बढ़ने के प्रति प्रेरित किया। बालिकाओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए डॉ प्रशांत ने साइबर अपराध क्या होते हैं। साइबर अपराधी बालिकाओं को किस प्रकार झाँसे में लेते हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है, इस पर विस्तार से जानकारी दी।
साइबर जागरूकता और सतर्कता ही बचाव है ।किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज या फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी या धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। अपने पासवर्ड मजबूत रखें, टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करें और केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही ऐप्स डाउनलोड करें। सतर्कता से ही इस साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
यहाँ यह बताना लाजिमी होगा कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त प्रदेश बनाने के लिए साइबर जागृति अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है।संस्था के अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारीगण ने आशा व्यक्त किया है कि इस सेमिनार से विद्यालय की बालिकाएँ अवश्य लाभान्वित होंगी।









