
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अन्तागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 122 जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत प्रवेश कराया। सदस्यता लेने वालों में प्रमुख रूप से क्षेत्र के पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं ग्राम पटेल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी परिवार में अंतागढ़ क्षेत्र के सभी 122 जनप्रतिनिधियों, पंच-सरपंचों, जनपद सदस्यों और सम्मानीय ग्राम पटेलों का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों का यह विश्वास दर्शाता है कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार द्वारा बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की अटूट आस्था है। सभी नवप्रवेशी जमीन से जुड़े हुए जनसेवक हैं, उनके भाजपा में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। हम सब मिलकर अंत्योदय के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ के हर गाँव और हर नागरिक तक विकास की किरण पहुँचाने के लिए निरन्तर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, कांकेर जिला अध्यक्ष महेश जैन, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नवप्रवेशी जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के चहुँमुखी विकास के लिए संगठन के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प दोहराया।
*पोला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं*
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा के प्रतीक लोक-पर्व ‘पोला’ की समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पोला हमारे किसान भाइयों के परिश्रम, कृषि संस्कृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है। श्री साय ने भगवान शिव और नंदी बैल से प्रार्थना की कि यह पावन त्योहार प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
———————









