
BRICS Summit 2026 LIVE Updates : भारत के पास बढ़ता बाजार और इनोवेशन का दम: डॉ. एस जयशंकर
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया को एक बड़ा और तेजी से बढ़ता बाजार, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग क्षमताएं, बेहतरीन टैलेंट का विशाल पूल, डिजिटल अनुभव और एक मजबूत इनोवेशन व स्टार्टअप इकोसिस्टम उपलब्ध करा रहा है. डॉ. जयशंकर ने जोर देकर कहा कि जब हमारे शीर्ष नेता बैठक की तैयारी कर रहे हैं, तब इस बिजनेस फोरम का सबसे बड़ा और अहम योगदान ब्रिक्स के अगले चरण को एक स्पष्ट व्यापारिक नजरिया देना होगा.
BRICS Summit 2026 Leaders : ब्रिक्स वैश्विक अर्थव्यवस्था की रीढ़, रूसी मंत्री ने विदेशी निवेश का किया स्वागत
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूस के आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव ने कहा कि ब्रिक्स देश दुनिया की एक चौथाई अर्थव्यवस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं. रूस अब अवसरों की मजबूत अर्थव्यवस्था बन चुका है और विदेशी कंपनियों का स्वागत करता है. पिछले तीन वर्षों में रूस की जीडीपी 10% बढ़ी है और पीपीपी के मामले में रूस चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. भारी दबाव के बावजूद हमारा फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई, डिजिटल तकनीक और लॉजिस्टिक्स के आधुनिकीकरण पर है. हमारे कुल व्यापार में अब 85% हिस्सेदारी सहयोगी देशों की है.
BRICS Summit 2026 LIVE : विदेशी नीति और ‘वंदे मातरम’ विवाद पर प्रियांक खरगे का केंद्र पर तीखा हमला
कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने केंद्र की विदेश नीति पर कड़े सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने रुपये को मजबूत करने का वादा किया था, लेकिन रुपया ऐतिहासिक गिरावट पर है और डॉलर महंगा हो गया है. चीन हमारी सीमा में गांव बसा रहा है, मगर सरकार चुप है.
वहीं ‘वंदे मातरम’ विवाद पर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या वे पटेल, नेहरू, गांधी या नेताजी बोस से बड़े हैं? आजादी की लड़ाई में इनका क्या योगदान था, जब नेताजी सेना बना रहे थे तब इनके मार्गदर्शक अंग्रेजों से पेंशन ले रहे थे.
BRICS Summit 2026 LIVE : ब्रिक्स सिर्फ बड़ा बाजार नहीं, एक मजबूत इकोनॉमिक नेटवर्क बने: जय श्रॉफ
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में यूपीएल लिमिटेड के चेयरमैन जय श्रॉफ ने कहा कि ब्रिक्स को सिर्फ बड़े बाजारों के समूह के रूप में नहीं, बल्कि एक मजबूत आर्थिक नेटवर्क के तौर पर देखना चाहिए. उन्होंने जोर दिया कि सदस्य देशों को एक-दूसरे के संसाधन, पूंजी और तकनीक का इस्तेमाल कर क्षमताएं बढ़ानी होंगी, ताकि नए रोजगार पैदा हों और ‘ग्लोबल साउथ’ को मजबूती मिले.
BRICS Summit 2026 LIVE : कमल की पंखुड़ियों और ‘नमस्ते’ से सजा ब्रिक्स 2026 का लोगो
सेंट्रल दिल्ली से ब्रिक्स इंडिया 2026 के नए लोगो की खूबसूरत झलकियां सामने आई हैं. इस लोगो में बना कमल का फूल सभी सदस्य देशों के रंगों को दर्शाता है, जबकि ‘नमस्ते’ की मुद्रा भारतीय परंपरा, सम्मान और आत्मीयता को बयां करती है. यह डिजाइन वैश्विक सहयोग और विकास के संदेश को दर्शाता है.
BRICS Summit 2026 LIVE : ब्रिक्स करेंसी पर टिकी नजरें, बिजनेस और ट्रैवल होगा सुपर ईजी
रूसी बिजनेस एम्बेसडर ओल्गा कुलिकोवा ने कहा कि वो ब्रिक्स करेंसी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं. उनका मानना है कि अगर कॉमन करेंसी आई, तो सदस्य देशों के बीच ट्रेड और ट्रैवल का सीन एकदम स्मूथ हो जाएगा. यह दोनों देशों के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है. इससे व्यापारिक रिश्ते और भी मजबूत होंगे.
BRICS Summit 2026 LIVE : वैश्विक चुनौतियों के बीच आर्थिक कूटनीति जरूरी: पीयूष गोयल
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की मौजूदगी यह दिखाती है कि आज के दौर में आर्थिक कूटनीति कितनी अहम है. जब दुनिया कई चुनौतियों से जूझ रही है, तब यह तालमेल और जरूरी हो जाता है.
BRICS Summit 2026 LIVE : रूसी सीईओ ने की भारत की मेजबानी की तारीफ, बताया विकास का बड़ा अवसर
जीएसबीआई लिमिटेड रूस के सीईओ अलेक्सांद्र कोकोव ने कहा कि भारत ने ब्रिक्स सम्मेलन का शानदार आयोजन किया है. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों में खेती से लेकर हाई-टेक तक आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं. यह मंच भविष्य में व्यापारिक तरक्की को नई गति देगा.
भारत-चीन सहयोग पर पूरी दुनिया की नजर: चीनी पत्रकार
18वें ब्रिक्स सम्मेलन में चीनी पत्रकार ली जिंगजिंग ने कहा कि दुनिया की नजरें भारत-चीन सहयोग पर टिकी हैं. उन्होंने कहा कि विकासशील देश बराबरी की वैश्विक व्यवस्था चाहते हैं. ब्रिक्स जैसे मंचों से ग्लोबल साउथ के देशों की आवाज दुनिया तक पहुंचेगी. चीन हमेशा इनके साथ खड़ा रहेगा.






