

अतीश दीपंकर बिहार ब्यूरो चीफ
*प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’*
*17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर होगी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत*
एंकर- बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग सह सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री व भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने अपने भागलपुर प्रवास के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किए जाने की जानकारी साझा की।
श्री मिश्रा ने कहा कि, 7 अक्टूबर 2001 को श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था और 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। इन 25 वर्षों की यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता को सदैव सेवा का माध्यम माना और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 से प्रारंभ हुई यह यात्रा आज भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली ऐतिहासिक यात्रा बन चुकी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। आज देश का सामान्य नागरिक स्वयं को भारत की विकास यात्रा का सहभागी महसूस कर रहा है।
श्री मिश्रा ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण, आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त राशन, नागरिकता संशोधन कानून, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, 56 करोड़ जन-धन खाते, 44 करोड़ आयुष्मान कार्ड, 4 करोड़ से अधिक पक्के आवास, उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10.5 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन, शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार, MBBS सीटों में दोगुनी वृद्धि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वैश्विक संकट के बीच 2025-26 की पहली तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 7.8 सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निर्णयों ने देश की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि, वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का मजबूती से आगे बढ़ना और विश्व मंच पर भारत की निर्णायक भूमिका प्रधानमंत्री श्री मोदी के दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व एवं सेवा भावना का परिणाम है।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी एक साथ अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति अपना स्नेह, आभार एवं आशीर्वाद व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ-साथ डेयरी, पटरी, ठेला, लघु उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़े लोग भी दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दें और यह संदेश दें – ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा।’
नीतीश मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर को युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे बिहार में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा, विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि गांवों एवं शहरों में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
श्री मिश्रा ने कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘कहानी बदलाव’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री श्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य एवं देश स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका का सम्मान तथा बच्चों के बीच फल एवं मिठाई का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। गांवों से ज्योतियां जिला मुख्यालय तक पहुंचेंगी और प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों की अविरल जनसेवा के प्रतीक के रूप में उनका मिलन होगा।
वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक नागरिक एवं NDA कार्यकर्ता कम-से-कम 25 मिनट का सेवा कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत स्वच्छता, पौधारोपण, अस्पतालों में सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवा सहित स्थानीय स्तर पर विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे।
उन्होंन ने कहा कि, 1 से 7 अक्टूबर के बीच विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें पंचायत से लेकर संसद तक के लगभग सवा लाख जनप्रतिनिधि एक साथ शामिल होंगे। इस अवसर पर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने का लक्ष्य है।
श्री मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन भारत के विकास, गरीब कल्याण और राष्ट्र सेवा की एक प्रेरक यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दायित्वों के निर्वहन में कभी विश्राम को प्राथमिकता नहीं दी। यहां तक कि अपनी माता के निधन के दिन भी अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने अपने सार्वजनिक दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने आह्वान किया कि ऐसे जनसेवक, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है, के जन्मदिन पर 17 सितंबर को प्रत्येक नागरिक अपने घर में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ प्रज्ज्वलित कर अपना स्नेह, आभार एवं आशीर्वाद प्रदान करे।
इस अवसर पर विधायक प्रो ललित नारायण मण्डल, रोहित पांडेय, ई शुभानंद मुकेश, विधान परिषद सदस्य विजय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार, जदयू प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, भागलपुर विधानसभा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित हुए।






