Ro no D15139/23

(अम्बिकापुर समाचार)बिहान से बदल रही सरगुजा की महिलाओं की तस्वीरः हुनर और हौसले से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम लटोरी की महिलाओं ने हस्तशिल्प को बनाया आजीविका का आधार, सूरजपति ने ऑटो और किराना व्यवसाय से हासिल की ‘लखपति दीदी’ की पहचान

 


अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/
  ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ (NRLM) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरगुजा जिले में बिहान से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियां यह दिखाती हैं कि जब महिलाओं को संगठन, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिलता है, तो वे अपनी मेहनत और हुनर के दम पर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ स्वयं की एक नई पहचान भी बना सकती हैं।
सरगुजा के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लटोरी की स्व-सहायता समूह की महिलाओं और बतौली विकासखंड के ग्राम तारागी की श्रीमती सूरजपति की कहानी इसी बदलाव की दो अलग-अलग लेकिन प्रेरक तस्वीरें प्रस्तुत करती है। एक ओर लटोरी की महिलाएं हस्तशिल्प के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की जरूरत से जोड़कर कुटीर उद्योग की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, वहीं सूरजपति ने समूह से मिले ऋण का उपयोग कर ऑटो रिक्शा और किराना दुकान जैसे दो व्यवसाय खड़े कर अपनी आय का स्थायी साधन बनाया है।

बिहान से मिला हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर
लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लटोरी की महामाया और रेखा स्व-सहायता समूह से जुड़ी 20 महिलाओं ने यह साबित किया है कि हुनर को सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वह आय का मजबूत जरिया बन सकता है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत इन महिलाओं को हस्तशिल्प बोर्ड द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने खस से आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार करना शुरू किया। इनमें कलात्मक डलिया, टोकरी, सजावटी गुलदस्ते, पूजा की ट्रे और फ्रूट बास्केट प्रमुख हैं। इन उत्पादों की खासियत यह है कि ये स्थानीय स्तर पर तैयार होने के साथ-साथ इको-फ्रेंडली विकल्प भी हैं। बाजार में इनके प्रति बढ़ती मांग ने महिलाओं के सामने अपनी कला को व्यवसाय में बदलने की नई संभावना पैदा की है। आज ये महिलाएं अपने हाथों से तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रही हैं और अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं।

‘पहले रोजगार नहीं था, अब अपना काम है’
रेखा महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती कौशल्या राजवाड़े इस बदलाव को अपने अनुभवों के माध्यम से बयां करती हैं। उनके अनुसार, यह महिलाओं के लिए इस तरह के काम से जुड़ने का पहला अवसर है। पहले उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं था, लेकिन बिहान योजना से जुड़ने और हस्तशिल्प का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब उनके पास अपना रोजगार और अपनी आजीविका का साधन है। कौशल्या राजवाड़े और समूह की अन्य महिलाएं इस व्यवसाय को आगे बड़े स्तर तक ले जाना चाहती हैं। उनका सपना है कि उनके उत्पादों की पहचान गांव से बाहर तक बने और उनके गांव का नाम भी रोशन हो। यह कहानी बताती है कि स्व-सहायता समूह केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के हुनर को पहचानकर उसे रोजगार में बदलने का मंच भी बन सकता है।

सूरजपति ने ऋण को बनाया व्यवसाय की पूंजी

बिहान से आर्थिक बदलाव की दूसरी प्रेरक कहानी बतौली विकासखंड के ग्राम तारागी की श्रीमती सूरजपति की है। कभी आर्थिक तंगी और आय के स्थायी साधन के अभाव से जूझ रहीं सूरजपति ने वर्ष 2020 में बिहान स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी जिंदगी को नई दिशा दी। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिला। उन्होंने 60 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और इस राशि का उपयोग अपने लिए रोजगार खड़ा करने में किया। उन्होंने एक ओर ऑटो रिक्शा संचालन शुरू किया, वहीं दूसरी ओर किराना दुकान भी स्थापित की। इस तरह सूरजपति ने एक ही व्यवसाय पर निर्भर रहने के बजाय आय के दो साधन विकसित किए।

500 रुपये प्रतिदिन की आय से ‘लखपति दीदी’ तक का सफर
वर्तमान में सूरजपति को किराना दुकान से लगभग 200 रुपये प्रतिदिन तथा ऑटो रिक्शा संचालन से लगभग 300 रुपये प्रतिदिन की आय प्राप्त हो रही है। दोनों व्यवसायों से उनकी कुल दैनिक आय लगभग 500 रुपये है और उनकी वार्षिक आय लगभग 1.80 लाख रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक तंगी से गुजरने वाली सूरजपति के लिए यह बदलाव केवल आय बढ़ने तक सीमित नहीं है। आज वे अपने परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर पा रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। उनकी सफलता ने उनके भीतर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का हौसला भी बढ़ाया है।

महिला सशक्तिकरण से परिवार की मजबूती
लटोरी की 20 महिलाओं और सूरजपति की कहानी भले ही अलग-अलग आजीविका गतिविधियों से जुड़ी हो, लेकिन दोनों में एक समान संदेश दिखाई देता है-अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं अपनी मेहनत और हुनर को आर्थिक शक्ति में बदल सकती हैं। लटोरी में महिलाओं ने प्रशिक्षण लेकर हस्तशिल्प को व्यवसाय बनाया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों से पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार कर बाजार की जरूरत से अपने हुनर को जोड़ा। दूसरी ओर सूरजपति ने समूह से प्राप्त 60 हजार रुपये के ऋण को पूंजी के रूप में इस्तेमाल कर दो अलग-अलग व्यवसाय खड़े किए। दोनों उदाहरणों में बिहान की भूमिका महिलाओं को केवल सहायता देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

आर्थिक आत्मनिर्भरता से बढ़ा आत्मविश्वास
महिला की आर्थिक भागीदारी का प्रभाव उसके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ परिवार पर भी पड़ता है। जब महिला अपनी आय अर्जित करती है तो उसमें अपने परिवार के लिए बेहतर निर्णय लेने और भविष्य की योजनाएं बनाने का आत्मविश्वास बढ़ता है। लटोरी की महिलाओं के लिए हस्तशिल्प आजीविका का नया माध्यम बना है, जबकि सूरजपति के लिए ऑटो और किराना व्यवसाय आर्थिक स्थिरता का आधार बन चुके हैं। दोनों उदाहरण यह दिखाते हैं कि रोजगार के अवसर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।

बिहानः समूह से स्वरोजगार और स्वरोजगार से सम्मान तक
स्व-सहायता समूह की ताकत सामूहिकता में होती है। महिलाएं एक साथ जुड़ती हैं, सीखती हैं, प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं और उपलब्ध अवसरों का उपयोग करके अपनी आजीविका विकसित करती हैं। बिहान ने सरगुजा की इन महिलाओं को केवल रोजगार का अवसर नहीं दिया, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का विश्वास दिया है।

 
एक गाय से शुरू हुआ सफर, आज 10 पशुओं का समृद्ध पशुधन
पशुपालन विभाग की सहायता और कृत्रिम गर्भाधान से अगस्तु खाखा ने संवारी अपनी आजीविका

अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/   मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के साथ पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए आय का मजबूत जरिया बन सकता है। सरगुजा जिले के ग्राम चटीरमा निवासी अगस्तु खाखा ने इसे अपनी मेहनत से साबित किया है। कभी केवल एक गाय से पशुपालन की शुरुआत करने वाले अगस्तु आज 10 पशुओं के पशुधन के मालिक हैं और दूध उत्पादन के साथ-साथ उन्नत नस्ल के बछड़ों से अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रहे हैं।
अगस्तु बताते हैं कि उन्होंने शुरुआत में केवल एक गाय से पशुपालन शुरू किया था। पशुपालन विभाग से मिले मार्गदर्शन और कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा का लाभ लेकर उन्होंने अपने पशुधन को धीरे-धीरे बढ़ाया। कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से प्राप्त बछियों और पशुओं ने उनके पशुपालन व्यवसाय को नई दिशा दी।
वर्तमान में उनकी चार गायें दुग्ध उत्पादन कर रही हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 30 लीटर दूध प्राप्त होता है। पशुओं के चारा, देखभाल और अन्य खर्चों को निकालने के बाद उन्हें लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह की शुद्ध आय हो रही है। दूध की नियमित बिक्री से परिवार को स्थायी आमदनी का जरिया मिला है।
अगस्तु ने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान से प्राप्त पशुओं में से चार गायों और दो बछड़ों को बेचकर उन्हें लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई है। वर्तमान में उनके पास कुल 10 पशु हैं। इनमें चार दुधारू गायें, गर्भित बछियां और छोटे बछड़े-बछियां शामिल हैं। दो बछियां वर्तमान में गर्भित हैं, जिनसे आगामी महीनों में नए बछड़ों के जन्म की उम्मीद है। वहीं तीन छोटी बछियां भी भविष्य में उनके पशुधन और आय को बढ़ाने का आधार बन रही हैं।
अगस्तु का कहना है कि पशुपालन विभाग की तकनीकी सलाह, कृत्रिम गर्भाधान और पशुओं की देखभाल संबंधी मार्गदर्शन से उन्हें पशुपालन को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि एक गाय से शुरू किया गया सफर आज 10 पशुओं तक पहुंच चुका है और आने वाले समय में वे अपने पशुधन को और बढ़ाना चाहते हैं।

 
समूह से मिला एक लाख का सहारा, दुकान से आत्मनिर्भर बनीं लाजो’
खेती-बाड़ी नहीं होने के बावजूद स्वरोजगार बना परिवार की आजीविका का आधार
व्यवसाय से परिवार का भरण-पोषण, समूह के ऋण की मूल राशि और ब्याज भी चुका रहीं’

अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/   स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह आसान कर रहे हैं। समूह से मिलने वाली आर्थिक सहायता के जरिए महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू कर न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियां भी स्वयं संभाल रही हैं। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम लिबरा की लाजो की कहानी भी इसी बदलाव को सामने लाती है। समूह से मिले एक लाख रुपये के ऋण से उन्होंने दुकान और ठेला शुरू किया और आज यही व्यवसाय उनके परिवार की आजीविका का आधार बन गया है।

लाजो बताती हैं कि उनके पास खेती-बाड़ी नहीं है। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण के लिए नियमित आय का साधन जुटाना जरूरी था। स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें एक लाख रुपये का ऋण मिला। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने में किया। दुकान के साथ वे ठेला भी चला रही हैं और इससे होने वाली आय से परिवार की जरूरतों को पूरा कर रही हैं।

’चार सदस्यीय परिवार का बनीं सहारा’
लाजो के बतातीं है उनके परिवार में चार सदस्य हैं और खेती-बाड़ी नहीं होने के कारण उनके व्यवसाय से होने वाली कमाई ही परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। वे कहती हैं कि आज वे अपने पैरों पर खड़ी हैं। ठेले से होने वाली आय से घर का खर्च चलाने के साथ व्यवसाय को भी आगे बढ़ा रही हैं।

उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्वरोजगार से प्राप्त आमदनी के जरिए वे समूह से लिए गए ऋण की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। लाजो बताती हैं कि वे ऋण का हैं और साथ-साथ परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। उनका कहना है कि व्यवसाय अच्छी तरह चल रहा है और इससे उन्हें आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है।

’समूह की मदद से मिली आत्मनिर्भरता की राह’
समूह से मिला एक लाख रुपये का ऋण लाजो के लिए केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने उन्हें स्वयं का काम शुरू करने का अवसर दिया। खेती का साधन नहीं होने के बावजूद उन्होंने स्वरोजगार को अपनी आजीविका बनाया। नियमित रूप से व्यवसाय चलाते हुए परिवार की जरूरतें पूरी करने और ऋण की राशि चुकाने से उनमें आर्थिक आत्मनिर्भरता का विश्वास बढ़ा है।

उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समूह से मिली मदद के कारण वे आज परिवार चला पा रही हैं और स्वयं भी अपने पैरों पर खड़ी हैं।

  • Related Posts

    राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत शेड नेट हाऊस स्थापना के लिए मिली सहायता

    – कृषक श्री जितेन्द्र कुमार वर्मा ने खेती में बढ़ाया मुनाफा*   राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को विभिन्न…

    Read more

    डोंगरगढ़ में सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों तक पहुंची शासन की योजनाएं

    *सेवा संकल्प अभियान*   *- कृषि उपज मंडी प्रांगण में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी*   *- हितग्राहियों ने सौर ऊर्जा अपनाने के बाद बिजली बिल…

    Read more

    NATIONAL

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के बक्शी का तालाब ग्राम हरदा में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित किया

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज लखनऊ के बक्शी का तालाब ग्राम हरदा में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित किया

    सभी थानों में 30 दिनों के भीतर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा होगी सक्रिय

    सभी थानों में 30 दिनों के भीतर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा होगी सक्रिय

    बी ए पी एस ने भेजा स्पष्टीकरण महिला कर्मियों का नहीं है विरोधी

    बी ए पी एस ने भेजा स्पष्टीकरण महिला कर्मियों का नहीं है विरोधी

    Maruti के गढ़ में उतरी थी Santro, आज भारत से दुनिया भर में बिकती हैं कारें, जानिए Hyundai के 30 साल की पूरी कहानी

    Maruti के गढ़ में उतरी थी Santro, आज भारत से दुनिया भर में बिकती हैं कारें, जानिए Hyundai के 30 साल की पूरी कहानी