

अतीश दीपंकर
ज्ञात आय से 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य
सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में चल रही तलाशी
पटना | बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
आज गुरुवार, 19 नवंबर को आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिले में उनके कुल चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथासंशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।
दिसंबर 2021 में बने थे प्रखंड प्रमुख
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी प्रखंड के प्रमुख बने थें। आरोप है कि, प्रखंड प्रमुख का पद संभालने के बाद उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्ट तरीके से अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की।
इस मामले में मुजफ्फरपुर स्थित विशेष न्यायालय (निगरानी) से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कार्रवाई शुरू की।
चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने जिन चार स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, उनमें सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा स्थित उनका पैतृक मकान और निजी मकान शामिल हैं। इसके अलावा बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव स्थित उनके निजी आवास पर भी तलाशी ली जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है।
1.25 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला
आर्थिक अपराध इकाई को अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 1,25,03,500 रुपये यानी लगभग एक करोड़ 25 लाख तीन हजार पांच सौ रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
फिलहाल चारों ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है। आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।






