
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने ई-स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में शामिल होकर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह, विजेता टीमों को किया पुरस्कृत
धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में युवाओं को डिजिटल तकनीक, ई-स्पोर्ट्स और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में 5 एवं 6 अक्टूबर को ‘युवा ई-अरीना’ के तहत ई-स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 1500 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन हुआ।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी गेमिंग एवं डिजिटल गतिविधियों को देखा। उन्होंने युवाओं की तकनीकी रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का रचनात्मक और सकारात्मक उपयोग युवाओं के कौशल विकास के साथ-साथ उन्हें रोजगार, उद्यमिता और नए अवसरों से जोड़ सकता है। आज के दौर में केवल पढ़ाई तक सीमित रहना ही सफलता का एकमात्र रास्ता नहीं है, बल्कि पढ़ाई के साथ अपने रुचि क्षेत्र में कौशल विकसित करना भी भविष्य की मजबूत तैयारी है।
पढ़ाई के साथ हुनर को भी दें अवसर
कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों से अपने आईआईटी के दिनों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके कई सहपाठियों में पढ़ाई के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों में हुनर विकसित करने की रुचि थी। कोई वेब डिजाइनिंग में रुचि रखता था, तो कोई पेंटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में। आगे चलकर इन्हीं अतिरिक्त रुचियों और कौशलों ने कई युवाओं को बड़ी कंपनियों और नए अवसरों तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि पहले विद्यार्थियों से मुख्य रूप से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपेक्षा की जाती थी और खेल या अन्य रुचियों को पढ़ाई से अलग माना जाता था। आज परिस्थितियां बदल रही हैं। अब पढ़ाई के साथ खेल, डिजाइन, कोडिंग, डिजिटल कंटेंट, ई-स्पोर्ट्स और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भी करियर की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। युवाओं को अपनी रुचि पहचानकर उसमें लगातार सीखने और कौशल विकसित करने की जरूरत है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ‘आप जो करना पसंद करते हैं, उसमें बेहतर बनने की कोशिश करें। पढ़ाई आपकी नींव है और आपका हुनर आपकी अतिरिक्त ताकत।’ डिजिटल दुनिया में अवसरों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने की।
गेमिंग में दिखी रणनीति और तकनीकी दक्षता
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मोबाइल गेमिंग एवं ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। BGMI, Chess और Free Fire सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान टीम भावना, रणनीति बनाने, त्वरित निर्णय लेने, एकाग्रता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन देखने को मिला।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने विभिन्न ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को मोमेंटो एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
फ्री फायर कम्युनिटी एडमिन ने साझा किए अनुभव
आयोजन में फ्री फायर कम्युनिटी एडमिन श्री सनी मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं गेमिंग समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर ई-स्पोर्ट्स से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। विशेष मिलन एवं संवाद सत्र ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और युवाओं को ई-स्पोर्ट्स की संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर मिला।
डिजिटल प्रतिभा को मंच देने की पहल
‘युवा ई-अरीना’ का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे गेमिंग, डिजिटल तकनीक, रचनात्मकता और आपसी सहभागिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा को सामने ला सकें। आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रखा गया, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल युवाओं के बीच ‘पढ़ाई के साथ कौशल और रुचि को भी पहचानें’ का संदेश देने के साथ-साथ डिजिटल युग में उपलब्ध नए अवसरों से उन्हें परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।









