Ro no D15139/23

(कोरबा समाचार) रंग-बिरंगी दीवारों से बदली आंगनबाड़ी की तस्वीर, बरपाली के नौनिहालों को मिला सुरक्षित माहौल और सीखने का अवसर सुरक्षित छत और रंगीन दीवारों ने बदला माहौल, बरपाली आंगनबाड़ी में बढ़ी नौनिहालों की उपस्थिति

पीएम स्वनिधि ऋण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े अश्वनी दास माणिकपुरी
फास्ट फूड दुकान शुरू कर व्यवस्थित रूप से चला रहे व्यवसाय
कोरबा 07 अक्टूबर 2026,/पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिले ऋण ने श्री अश्वनी दास माणिकपुरी को अपना व्यवसाय शुरू करने में मदद की। उन्होंने योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर फास्ट फूड की दुकान शुरू की।
श्री माणिकपुरी बताते हैं कि पहले व्यवसाय के लिए साहूकारों या अन्य लोगों से उधार लेने पर अधिक ब्याज देना पड़ता था, जिससे आर्थिक परेशानी होती थी। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से ऋण मिलने से उन्हें राहत मिली और अपना काम शुरू करने का अवसर मिला।
आज वे अपनी फास्ट फूड की दुकान का व्यवसाय सुचारु रूप से चला रहे हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। श्री माणिकपुरी ने आर्थिक सहयोग के लिए भारतीय स्टेट बैंक और भारत सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।

महतारी जतन योजना से रजनी पाटले को मिला संबल
द्वितीय संतान के पालन-पोषण में मिली 20 हजार रुपये की सहायता
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/पाली तहसील के ग्राम खम्हरिया निवासी श्रीमती रजनी पाटले को छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार कल्याण मंडल में दर्जी प्रवर्ग के अंतर्गत पंजीयन के बाद श्रम विभाग की असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्हें अपनी द्वितीय संतान के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।
श्रीमती पाटले ने बताया कि उनके पति खदान में ट्रक चालक के रूप में कार्य करते हैं। योजना से मिली राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के पालन-पोषण में किया। इसके साथ ही उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
श्रीमती पाटले ने सहायता के लिए श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

पीएम किसान सम्मान निधि से खेती-किसानी को मिला संबल
किसान अमरसाय सिदार को 21 किश्तों में मिले 42 हजार रुपये
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम कोठीखर्रा निवासी किसान अमरसाय सिदार के छह सदस्यीय परिवार की आजीविका खेती पर निर्भर है। खेती-किसानी में बीज, खाद और अन्य आवश्यकताओं के लिए समय पर धन की जरूरत पड़ती है। सीमित संसाधनों के कारण कृषि कार्यों के साथ परिवार की जरूरतें पूरी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था।
कृषि विभाग के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को कृषि जरूरतों में सहायता के लिए आर्थिक राशि दी जाती है। अमरसाय सिदार को अब तक 21 किश्तों में कुल 42 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं।
इस सहायता से उन्हें खेती से जुड़े जरूरी खर्चों में मदद मिली और कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहारा मिला। नियमित किश्तों से खेती-किसानी की जरूरतें पूरी करने में सुविधा हुई तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को भी संबल मिला। अमरसाय सिदार के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना खेती में सहयोग देने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।

’बिहान योजना से रीमा की बदली राह, कपड़ा-मनिहारी दुकान से बढ़ी आमदनी
’अब अपनी दुकान से हो रही आमदनी, परिवार की जरूरतें पूरी करने में मिल रही मदद” – रीमा यादव
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर देने में बिहान योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्व सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता और बैंक ऋण ने महिलाओं के लिए स्वरोजगार की नई राह खोली है। कोरबा विकासखंड के ग्राम बरबसपुर की श्रीमती रीमा यादव की कहानी भी इसी बदलाव से जुड़ी है।
श्रीमती रीमा यादव बिहान योजना के अंतर्गत राधा स्व सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने से पहले उनके लिए नियमित आय का कोई निश्चित साधन नहीं था। परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए घरेलू संसाधनों पर निर्भरता बनी रहती थी। स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें समूह की गतिविधियों के साथ आर्थिक अवसरों की जानकारी मिली और आगे बढ़ने का भरोसा मिला।
राधा स्व सहायता समूह को 3 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसी राशि में से 50 हजार रुपये का उपयोग कर रीमा यादव ने कपड़ा एवं मनिहारी की दुकान शुरू की। दुकान के माध्यम से वे नियमित रूप से आजीविका अर्जित कर रही हैं। ग्राहकों की जरूरत के अनुसार कपड़े और मनिहारी सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी आमदनी का साधन तैयार हुआ है।
दुकान शुरू होने के बाद रीमा की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। अपनी मेहनत से अर्जित आय का उपयोग वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों में भी उनकी आय सहयोग दे रही है। अपने काम से जुड़ी जिम्मेदारियों को संभालते हुए रीमा को आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिला है।
रीमा यादव कहती हैं, “बिहान योजना से स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। समूह को मिले ऋण से मैंने 50 हजार रुपये लगाकर कपड़ा और मनिहारी की दुकान शुरू की। अब दुकान से आमदनी हो रही है और अपनी कमाई से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर पा रही हूं। शासन की योजना और समूह से मिले सहयोग ने मेरे लिए रोजगार का नया रास्ता तैयार किया है।”

रंग-बिरंगी दीवारों से बदली आंगनबाड़ी की तस्वीर, बरपाली के नौनिहालों को मिला सुरक्षित माहौल और सीखने का अवसर
सुरक्षित छत और रंगीन दीवारों ने बदला माहौल, बरपाली आंगनबाड़ी में बढ़ी नौनिहालों की उपस्थिति
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026कभी जर्जर भवन की दीवारों और असुविधाओं के बीच संचालित होने वाला आंगनबाड़ी केंद्र अब बच्चों की खिलखिलाहट और रंग-बिरंगे चित्रों से गुलजार है। जहां पहले पालकों को अपने छोटे बच्चों को केंद्र भेजते समय उनकी सुरक्षा की चिंता रहती थी, वहीं अब ग्राम पंचायत बरपाली का नया आंगनबाड़ी भवन नौनिहालों के लिए सुरक्षित, सुंदर और सहज वातावरण बन गया है। जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद से 11.69 लाख की लागत से निर्मित नए भवन में पक्की छत, मजबूत दीवार, पक्का फर्श, रंगीन चित्र और बच्चों के लिए खिलौनों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसका असर बच्चों की उपस्थिति में भी दिखाई दे रहा है और 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी पहुंच रहे हैं।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के बरपाली स्थित इस आंगनबाड़ी केंद्र में वर्तमान में 30 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 17 तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 13 बच्चे शामिल हैं। इसके साथ ही 2 गर्भवती महिलाएं, 3 शिशुवती माताएं और 6 किशोरी बालिकाएं भी केंद्र की सेवाओं से लाभान्वित हो रही हैं। नए भवन के बाद बच्चों के लिए उपलब्ध स्थान और वातावरण में आए बदलाव ने केंद्र की गतिविधियों को भी अधिक व्यवस्थित किया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला बताती हैं कि पुराने भवन की स्थिति ऐसी थी कि बच्चों को केंद्र में रखते समय उनकी सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। भवन जर्जर होने के कारण पालक भी बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने में सहज महसूस नहीं करते थे। नए भवन के बनने से सबसे बड़ा बदलाव बच्चों की सुरक्षा और उनके सहज वातावरण में आया है। अब पक्की छत, मजबूत दीवार और पक्के फर्श वाले भवन में बच्चे आराम से बैठते हैं, खेलते हैं और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं।
श्रीमती शिवकला के अनुसार नए भवन की दीवारों पर बने रंग-बिरंगे चित्र बच्चों को खूब आकर्षित करते हैं। बच्चे चित्रों को देखकर उनके बारे में जानने की उत्सुकता दिखाते हैं और आसपास की वस्तुओं को पहचानने का प्रयास करते हैं। खिलौनों और आकर्षक वातावरण के कारण उनमें केंद्र आने की रुचि भी बढ़ी है। पहले की तुलना में अब बच्चे अधिक संख्या में आंगनबाड़ी पहुंचते हैं और 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की नियमित उपस्थिति दिखाई देती है। बच्चों के लिए केंद्र अब केवल आने-जाने की जगह नहीं रहा, यहां वे खेलते हुए सीखते हैं और सहज माहौल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती चमेली बाई बताती हैं कि नए भवन में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उन्हें भोजन कराने में भी काफी सुविधा हुई है। निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार सुबह बच्चों को मीठा या नमकीन दलिया दिया जाता है। इसके बाद दाल, चावल और सब्जी सहित भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सुरक्षित और सुविधाजनक भवन में बच्चों को भोजन कराने तथा उनकी देखभाल करने में आसानी होती है। बच्चों का नियमित रूप से केंद्र आना उनके लिए भी उत्साह का विषय है।

कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला कहती हैं कि पहले भवन की स्थिति के कारण बच्चों और पालकों में जो संकोच था, वह अब दूर हुआ है। नए भवन ने बच्चों को सुरक्षित जगह दी है और आकर्षक वातावरण ने उनके मन में आंगनबाड़ी के प्रति अपनापन बढ़ाया है। बच्चे सुबह केंद्र आने के लिए उत्साहित रहते हैं और यहां होने वाली गतिविधियों में रुचि के साथ शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए ऐसी बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें अपने कार्य में भी संतोष और उत्साह मिलता है। नौनिहालों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की इस पहल के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल से दिव्यांगजनों की राह हुई आसान
कोरबा, 7 अक्टूबर 2026/समाज कल्याण विभाग द्वारा आज श्री प्रतीक जैन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण की उपस्थिति में पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से दी गई इस सहायता से उनके आवागमन में सुविधा होगी और वे दैनिक कार्य अधिक सुगमता से कर सकेंगे।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में रेल्वे कॉलोनी, कोरबा निवासी 55 वर्षीय श्री सैय्यद याकूब, पिता श्री सैय्यद अब्दुल कादर; सुभाष ब्लॉक, कोरबा निवासी 44 वर्षीय श्रीमती सुनीता दास, पिता श्री बाबू राज; शांति नगर, कुसमुंडा निवासी 34 वर्षीय श्रीमती सीमा कुमारी, पिता श्री अदरू; तथा गुरसिया, कटघोरा निवासी 20 वर्षीय श्री प्रदीप कुमार उरांव, पिता श्री हरिराम शामिल हैं।
ट्राईसाइकिल मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से उनकी गतिशीलता बढ़ेगी और वे अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
सेजेस पाली में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश
नमो सेवा गाथा पर विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति, लगभग 495 लोग हुए शामिल
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पाली में ‘नमो सेवाकृअनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और नमो सेवा गाथा पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति से ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पालक और छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और पालकों सहित लगभग 495 लोग उपस्थित रहे।
संेद्रीपाली में ‘नमो सेवा गाथा’ पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने लोककल्याणकारी योजनाओं पर दी प्रभावशाली प्रस्तुति
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेन्द्रीपाली में ‘नमो सेवा गाथा’ थीम पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सेन्दरीपाली की छात्राओं ने 25 वर्षों की सेवा यात्रा और लोककल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर आकर्षक प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन और उनसे मिल रहे लाभों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस), करतला की शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री आकाश सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, सेन्दरीपाली के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुमार साहू तथा ग्राम पंचायत सेन्दरीपाली के सरपंच श्री पन्नालाल कंवर शामिल हुए। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य श्री छेदूलाल साहू और श्री बजरंग चंद्रा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.आर. अजगल्ले, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती सुनीता सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, 416 विद्यार्थी और 15 गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हिंदी व्याख्याता श्रीमती माया देवी ने किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत पोंडी उपरोड़ा में नुक्कड़ नाटक आयोजित
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की 21 छात्राओं ने किया सहभागिता
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पी.एम. श्री सेजेस, पोंडी उपरोड़ा में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माध्यमिक स्तर की 10 और हाईस्कूल स्तर की 11 छात्राओं सहित कुल 21 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक सरोकार, जन-जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती कमला किंडो, एवं विद्यालय की सदस्य, श्रीमती अनीमा सिंह तथा श्रीमती ललिता सोनवानी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, व्याख्याता और छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।
कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनाने की दिशा में सराहनीय पहल रहा।

कटघोरा में नशामुक्ति, स्वास्थ्य और शासकीय योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 30 छात्राओं ने दी प्रस्तुति
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटघोरा में जन-जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे विद्यालय के मुख्य प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रस्तुति में विद्यालय की 30 छात्राओं ने अभिनय और संवाद के जरिए सहभागिता की। कार्यक्रम में लगभग 400 छात्राएं उपस्थित रहीं।
श्री पवन गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के सहयोग से आयोजन अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुनगाडीह में नुक्कड़ नाटक से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश
विद्यार्थियों की प्रस्तुति पर अतिथियों ने दी पुरस्कार राशि, मन लगाकर पढ़ाई करने का किया आह्वान
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/  स्वामी आत्मानंद विद्यालय, मुनगाडीह में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके उद्देश्यों को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और श्री चंद्रशेखर पटेल ने प्रत्येक प्रस्तुति के लिए विद्यार्थियों को एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. पवन सिंह ने जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
श्री चंद्रशेखर पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से इसी भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
श्री कीर्ति कश्यप ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन और जनसेवा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। श्री कामता जायसवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर श्री विवेक मारकंडे, श्री विष्णु यादव, श्री रामविलास जायसवाल, श्री हरीश चावड़ा, श्री दीपक डिक्सेना, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम के सरपंच-पंच, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 15 विद्यालयों में हुए ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक
7,497 विद्यार्थियों, पालकों और जनप्रतिनिधियों ने निभाई सहभागिता
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा – अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। 3 और 6 अक्टूबर को हुए इन कार्यक्रमों में कुल 7,497 लोगों ने सहभागिता निभाई। इनमें 6,716 विद्यार्थी, 525 पालक और 256 जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
3 अक्टूबर को पीएमश्री सेजेस बालको, पीएमश्री सेजेस करतला, सेजेस अंग्रेजी माध्यम पाली, पीएमश्री सेजेस तिलकेजा, पीएमश्री सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा, सेजेस कन्या साडा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैसमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगबुंदिया में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन विद्यालयों में 3,526 विद्यार्थी, 288 पालक और 128 जनप्रतिनिधि सहित कुल 3,942 लोगों ने सहभागिता की।
6 अक्टूबर को सेजेस एनसीडीसी कोरबा, सेजेस कटघोरा और पीएमश्री सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा सहित विभिन्न विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोरबा, कटघोरा, सेंद्रीपाली, मुनगाडीह और पोड़ी-उपरोड़ा की छात्राओं ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया। कोरबा की छात्राओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर, कटघोरा की छात्राओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या कटघोरा, सेंद्रीपाली की छात्राओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेंद्रीपाली, मुनगाडीह की छात्राओं ने सेजेस हिंदी माध्यम मुनगाडीह और पोड़ी-उपरोड़ा की छात्राओं ने पीएमश्री सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा में प्रस्तुति दी। इस दिन के आयोजनों में 3,190 विद्यार्थी, 237 पालक और 128 जनप्रतिनिधि सहित कुल 3,555 लोग शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने अभिनय और संवाद के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकास से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पीडब्ल्यूडी रामपुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने गुजरात में भूकंप के बाद राहत एवं पुनर्वास, जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक, कोरोना टीकाकरण और ऑपरेशन गंगा जैसे विषयों को नाटक में शामिल किया। चेनाब ब्रिज और जी-20 की मेजबानी से जुड़े प्रसंगों को भी प्रस्तुति में स्थान मिला।
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, एनसीडीसी, कोरबा में कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा, विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेश दिए।
नुक्कड़ नाटकों ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक सरोकार व्यक्त करने का मंच दिया। पालकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण बना। सरल और संवादात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दर्शकों तक पहुंचाया।
मतदाता सूची के ‘‘विशेष अभियान‘‘ स्पेशल ड्राइव युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु शासकीय ई.व्ही.पी.जी. कॉलेज कोरबा में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा 07अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में दिनांक 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ कर 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा हैं।
इस कड़ी में दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को शासकीय ई व्ही पी जी कॉलेज कोरबा में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में युवा छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के ‘‘विशेष अभियान‘‘ में जोड़ने के लिए तथा मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने युवा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मज़बूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं के महत्व को बताया। श्री सिंह ने कहा कि जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र बने युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिनांक 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।
इस विशेष पंजीकरण अभियान के अंतर्गत मतदाता पंजीकरण हेतु मतदाता सूची में वर्तमान में अपंजीकृत व्यक्ति या जिसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया हो, ऐसा कोई भी व्यक्ति इस विशेष अभियान के दौरान पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता हैं। ऐसे मतदाताओं का चिन्हांकन कर, उनके पंजीकरण का कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने युवा छात्र-छात्राओं से अपने परिवार, समुदाय तथा अपने संपर्क के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के लिए आव्हान किया।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने बताया कि विशेष पंजीकरण अभियान के तहत मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी ठस्व् घर-घर भ्रमण करके मतदाता सूची के निरंतर अद्धतीकरण की प्रक्रिया में सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण करना सुनिश्चित करेंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पात्र नए युवा मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने युवा छात्र-छात्राओं को बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध हैं। पात्र नागरिक मोबाइल एप अथवा निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने के साथ आवेदन की स्थिति देखने और मतदाता सूची में अपना नाम खोजने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में सभी युवाओं से अपील की गई हैं कि वें मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और नाम शामिल नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत् अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। सभी मतदान केंद्रों में ऑफलाइन आवेदन के लिए भी फॉर्म- 6 बीएलओ, ईआरओ, एईआरओ, जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध हैं।
इस विशेष पंजीकरण अभियान में 17 वर्ष आयु से अधिक के युवाओं के लिए सभी शासकीय-अशासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों, महाविद्यालयों में भी प्राचार्य के माध्यम से पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरा जा सकता हैं।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल एन कंवर एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने सभी युवाओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी बलराम कुर्रे, ई एल सी के कोऑर्डिनेटर डॉ. दिनेश श्रीवास सहित महाविद्यालय के स्वीप कैम्पस एंबेसडर, स्वीप यूथ टीम, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान में दिखी युवा शक्ति की एकजुटता, ‘विकसित भारत 2047’ पर बनी विशाल मानव श्रृंखला
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओपन थिएटर मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज सैकड़ों छात्र-छात्राओं, युवाओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स ने एक-दूसरे का हाथ थामकर ‘विकसित भारत 2047’ थीम पर विशाल मानव श्रृंखला बनाई। एकजुट होकर खड़े प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का प्रभावी संदेश दिया।
मानव श्रृंखला में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं और माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। एक-दूसरे का हाथ थामे कतारबद्ध युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान घंटाघर चौक पर उत्साह और राष्ट्रप्रेम का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, संयुक्त कलेक्टर श्री टीआर भारद्वाज, एसडीएम कोरबा श्री सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यगण, सहायक प्राध्यापक, व्याख्याता एवं शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा तथा माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स शामिल हुए। विशाल मानव श्रृंखला ने युवा शक्ति की एकजुटता के साथ विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण को मिली स्वीकृति
18.80 किलोमीटर लंबी सड़कों के लिए 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये मंजूर
ग्रामीणों, विद्यार्थियों और हाथी प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी और जर्जर हो चुकी इन सड़कों की कुल लंबाई 18.80 किलोमीटर है। इनके सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की केराकछार से मौहार सड़क, लंबाई 3.24 किलोमीटर, के लिए 1 करोड़ 2 लाख 76 हजार रुपये तथा पिड़िया से बड़मार सड़क, लंबाई 7.36 किलोमीटर, के लिए 2 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये शामिल हैं। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की गिद्धमुड़ी से कोटखर्री सड़क, लंबाई 8.20 किलोमीटर, के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता श्री सी एस तवंर ने कहा है कि सड़कें ग्रामीण जीवन की बुनियादी जरूरतों और गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके सुदृढ़ होने से ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। विद्यार्थियों के लिए स्कूल और महाविद्यालय तक नियमित आवागमन आसान होगा। वहीं, किसानों और श्रमिकों को अपने कामकाज तथा उपज को बाजार तक ले जाने में सहूलियत मिलेगी। ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर सड़क संपर्क मिलने से दैनिक आवागमन भी अधिक सुविधाजनक होगा।
इनमें से कुछ क्षेत्र हाथियों की आवाजाही से प्रभावित रहते हैं। ऐसे क्षेत्रों में सड़क संपर्क का बेहतर होना ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखता है। आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवा तक पहुंचने, आवश्यक सहायता प्राप्त करने और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले के आवागमन में बेहतर सड़कें सहायक होंगी। सड़क सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को सुविधाजनक संपर्क मिलेगा; साथ ही हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सतर्कता भी महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
निर्धारित मापदंडों के अनुसार पुरानी एवं क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। यह पहल ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने और गांव-गांव तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और क्षेत्र के अन्य निवासियों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर को कोसाबाड़ी जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नागरिकों को मिलेगी विभिन्न शासकीय सेवाओं की जानकारी
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 8 अक्टूबर को कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी हेतु 9 अक्टूबर तक विभिन्न वार्डों में शिविर
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी में दर्ज जानकारी को आधार कार्ड के अनुरूप संशोधित करने के लिए कोरबा के विभिन्न वार्डों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर 9 अक्टूबर 2026 तक लगाए जाएंगे।
शिविरों के लिए निर्धारित स्थानों में शक्तिनगर वार्ड क्रमांक 1 (क्रमांक 56), इमलीछापर वार्ड क्रमांक 64, जमीनीपाली वार्ड क्रमांक 54, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर वार्ड क्रमांक 58, अयोध्यापुरी वार्ड क्रमांक 52, दर्री वार्ड क्रमांक 2 (क्रमांक 60), पहाड़िमार वार्ड क्रमांक 2 (क्रमांक 41), सर्वमंगला नगर वार्ड क्रमांक 62, रूमगरा वार्ड क्रमांक 47, पहाड़िमार वार्ड क्रमांक 1 (क्रमांक 40), बंगाली बस्ती वार्ड क्रमांक 46 और दर्री वार्ड क्रमांक 1 (क्रमांक 59) शामिल हैं।

पंजीकृत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने ई-केवाईसी में दर्ज जानकारी का आधार कार्ड से मिलान कर लें और आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित शिविर का लाभ उठाएं।
विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा
मंत्री श्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में हुई सभा
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित हुई। वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में हुई सभा में प्रधानमंत्री के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व गृह मंत्री श्री ननकी राम कंवर सहित जनप्रतिनिधि, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण को प्राथमिकता मिली है। उन्होंने नागरिकों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं।
मंत्री ने बताया कि डीएमएफ के माध्यम से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, आश्रम-छात्रावास और सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के कार्य 15 अक्टूबर के बाद तेज किए जाएंगे। शहर के अंडरब्रिज निर्माण की तकनीकी अड़चनें दूर हो गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
सभा में मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को ‘विकसित भारत सेवा संकल्प’ की शपथ दिलाई। उन्होंने ओपन थिएटर मैदान में चार फ्लड लाइट लगाने और पुराने बस स्टैंड के रानी रोड के पास स्थित चौक का नाम ‘विकसित भारत चौक’ रखने की घोषणा की। विधायक श्री प्रेमचंद पटेल और श्री गोपाल मोदी ने भी विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी और सेवा कार्यों के महत्व पर विचार रखे।
सभा के बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। हाथों में मशाल लेकर मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में यात्रा घंटाघर और निहारिका मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

सेवा के रंग, राष्ट्र के संगकृभव्य रंगोली में साकार हुआ विकसित भारत का संकल्प
रंगों में साकार हुआ सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश, 76×76 वर्गफीट में सजी भव्य रंगोली
कोरबा  07 अक्टूबर 2026/  शहर के हृदय स्थल घण्टाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की रचनात्मकता ने ऐसा जीवंत रूप लिया कि पूरा परिसर सेवा, संकल्प और देशभक्ति के रंग में रंग उठा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संगकृआभार एवं संकल्प’ थीम पर विद्यार्थियों, युवाओं एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स ने मिलकर 76×76 वर्गफीट क्षेत्र में भव्य रंगोली तैयार की। प्राकृतिक सामग्री और विविध रंगों से सजी इस विशाल रंगोली में विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का संदेश प्रभावी ढंग से उभरकर सामने आया।
जिले के शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्यार्थियों ने प्राकृतिक रंगों का  रचनात्मक उपयोग करते हुए रंगोली को आकार दिया। रंगों और प्राकृतिक सामग्री के संयोजन से तैयार इस भव्य प्रस्तुति में आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर कृषि, वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर जनशक्ति, आत्मनिर्भर नवाचार और स्थानीय से वैश्विक जैसी अवधारणाओं को आकर्षक रूप में उकेरा गया। रंगोली के माध्यम से युवाओं की रचनात्मक सोच के साथ देश के विकास में उनकी भूमिका और जनभागीदारी का संदेश भी सामने आया।
विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्र के चहुमुखी विकास को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। एक ही परिसर में सजी विभिन्न रंगोलियों ने सेवा, राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भरता और नवाचार के विविध संदेशों को जीवंत स्वरूप दिया।
इस आयोजन में विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया। एक साथ जुटे प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की। रंगोली केवल कला की प्रस्तुति नहीं रही, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका और सामूहिक संकल्प का प्रभावी माध्यम बनी।
भव्य रंगोली का अवलोकन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचन्द पटेल, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व गृह मंत्री श्री ननकी राम कंवर, श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्राकृतिक सामग्री और विविध विषयों को समाहित करते हुए तैयार की गई विशाल रंगोली की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयास की प्रशंसा की।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सजी यह भव्य रंगोली विद्यार्थियों की कला, युवा शक्ति और राष्ट्र के प्रति संकल्प का ऐसा जीवंत माध्यम बनी, जिसने सेवा, एकता और विकसित भारत की भावना को रंगों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।
विशेष लोक अदालत धारा 138 एन.आई. एक्ट तहत बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से न्यायाधीशगण की कमेटी द्वारा जिले के भारतीय एस.बी.आई कोरबा, छ0ग0 राज्य ग्रामीण बैंक कोरबा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारीगण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धारा 138 एन.आई. एक्ट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। न्यायाधीशगणों द्वारा बैंक अधिकारियों को सुझाव दिया गया कि वे अपने-अपने बैंक से संबंधित प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए सुलह एवं समझौते के माध्यम से प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु प्रभावी प्रयास करें। बैठक में विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को उनके प्रकरणों का त्वरित, सरल एवं कम खर्च में समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही, संबंधित प्रकरणों की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने तथा पक्षकारों को विशेष लोक अदालत में उपस्थित होने हेतु आवश्यक सूचना प्रदान करने के संबंध में भी चर्चा की गई। न्यायाधीशगण द्वारा बैंक अधिकारियों से अपील की गई कि 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में धारा 138 एन.आई. एक्ट से संबंधित अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। बैठक में जिले के भारतीय एस.बी.आई कोरबा, छ0ग0 राज्य ग्रामीण बैंक कोरबा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा विशेष लोक अदालत को सफल बनाने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की गयी।

विशेष लोक अदालत धारा 138 एन.आई. एक्ट प्रकरणों के निराकरण हेतु महाराष्ट्रा एवं पंजाब बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित
कोरबा 07 अक्टूबर 2026/21नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (एन.आई.एक्ट) से संबंधित विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से न्यायाधीशगण की कमेटी द्वारा जिले के बैंक ऑफ महाराष्ट्रा एवं पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारीगण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धारा 138 एन.आई. एक्ट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। न्यायाधीशगण द्वारा बैंक अधिकारियों को सुझाव दिया गया कि वे अपने-अपने बैंक से संबंधित प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए सुलह एवं समझौते के माध्यम से प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु प्रभावी प्रयास करें। बैठक में विशेष लोक अदालत माध्यम से पक्षकारों को उनके प्रकरणों का त्वरित, सरल एवं कम खर्च में समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही, संबंधित प्रकरणों की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने तथा पक्षकारों को विशेष लोक अदालत में उपस्थित होने हेतु आवश्यक सूचना प्रदान करने के संबंध में भी चर्चा की गई। न्यायाधीशगण द्वारा बैंक अधिकारियों से अपील की गई कि 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में धारा 138 एन.आई. एक्ट से संबंधित सूची यथाशीघ्र प्रस्तुत करें जिससे प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से निराकरण करने का प्रयास किया जा सके। बैठक में जिले के के बैंक ऑफ महाराष्ट्रा एवं पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    सेवा सेतु शिविर में बना जयेश्वर का केसीसी कार्ड, खाद-बीज लेने में होगी आसानी

    दरिमा तहसील में किया था आवेदन, केसीसी कार्ड बनने से कृषि कार्यों के लिए मिलेगी सुविधा सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का हो रहा समाधान’ अम्बिकापुर…

    Read more

    ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

    पीजी कॉलेज के हॉकी मैदान में 76×76 फीट की रंगोली में वीर सैनिकों के शौर्य और यश को किया प्रदर्शित अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत…

    Read more

    NATIONAL

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष देश को समर्पित – स्मृति इरानी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष देश को समर्पित –  स्मृति इरानी

    चुनाव आयोग के खिलाफ CJP और INDIA गठबंधन का आंदोलन: मुद्दा एक, रास्ता अलग; जानिए दोनों में क्या है समानता और अंतर

    चुनाव आयोग के खिलाफ CJP और INDIA गठबंधन का आंदोलन: मुद्दा एक, रास्ता अलग; जानिए दोनों में क्या है समानता और अंतर

    गुजरात CM से तीसरी बार प्रधानमंत्री तक, सरकार के मुखिया के तौर पर PM मोदी के 25 साल पूरे

    गुजरात CM से तीसरी बार प्रधानमंत्री तक, सरकार के मुखिया के तौर पर PM मोदी के 25 साल पूरे

    राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस

    राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’