
IND vs WI Ranchi T20 Match: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच के लिए तैयार है. शुक्रवार, 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है. करीब 45 महीने के बाद रांची के जेएससीए स्टेडियम T20I मैच का आयोजन होगा. मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है. इस बार दर्शकों की नजरें खास तौर पर अपने घरेलू मैदान पर लौट रहे ईशान किशन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी. वहीं, भारतीय टीम की कोशिश जीत के सिलसिले को जारी रखते हुए सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने की होगी.
करीब तीन साल बाद रांची में टी20 इंटरनेशनल का रोमांच
रांची के जेएससीए स्टेडियम में आखिरी 27 जनवरी 2023 को खेला गया था. उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रन से हराया था. अब करीब 45 महीने के अंतराल के बाद इस मैदान पर फिर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हो रही है.
घरेलू दर्शकों के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि रांची में भारतीय टीम को देखने का मौका लंबे समय बाद मिल रहा है. स्टेडियम में दर्शकों की मौजूदगी और टीम इंडिया का प्रदर्शन मैच के रोमांच को और बढ़ा सकता है.
ईशान किशन के लिए रांची का यह मुकाबला खास महत्व रखता है. झारखंड से आने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा. लगभग चार साल बाद जेएससीए स्टेडियम में उनकी वापसी को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में उत्सुकता है.
ईशान अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. पावरप्ले में तेजी से रन बनाना और गेंदबाजों पर दबाव बनाना उनकी बल्लेबाजी की प्रमुख खूबियों में शामिल है. ऐसे में घरेलू दर्शक उनसे एक यादगार पारी की उम्मीद करेंगे.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी बढ़ी उत्सुकता
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी मुकाबले से पहले चर्चा में हैं. नेट्स पर उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने सबका ध्यान खींचा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ से पहले उनके प्रदर्शन को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है.
वैभव अभी भारतीय सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं. नेट्स में अच्छा प्रदर्शन करना उनके लिए सकारात्मक संकेत जरूर है, लेकिन अंतिम फैसला टीम प्रबंधन को करना है.
रांची में टीम इंडिया का रिकॉर्ड रहा है मजबूत
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड अब तक अच्छा रहा है. यहां भारत ने चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें तीन में जीत और एक में हार मिली है.
रांची में भारत का टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड
| मैच का साल | विरोधी टीम | नतीजा |
| 2016 | श्रीलंका | भारत 69 रन से जीता |
| 2017 | ऑस्ट्रेलिया | भारत 9 विकेट से जीता (DLS) |
| 2021 | न्यूजीलैंड | भारत 7 विकेट से जीता |
| 2023 | न्यूजीलैंड | भारत 21 रन से हारा |
पहले टी20 में भारत ने दर्ज की थी शानदार जीत
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में खेला गया था. उस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए. कप्तान शाई होप ने 52 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 56 रन की पारी खेली.
जवाब में भारतीय टीम ने कप्तान श्रेयस अय्यर के नाबाद 102 रन की मदद से 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. ईशान किशन ने भी नाबाद 37 रन बनाकर उनका साथ दिया. भारत ने यह मुकाबला आठ विकेट से जीता और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. अब रांची में भारतीय टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी.
शाम 7 बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा.









