
अम्बिकापुर 09 अक्टूबर 2026/ वर्षों तक किराये के मकान में रहने और बरसात के दिनों में टपकती छत की परेशानी झेलने वाली राधिका गुप्ता के परिवार को अब पक्के आवास का सहारा मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का लाभ मिलने से उनके परिवार की वर्षों पुरानी आवास संबंधी समस्या दूर हुई है। वहीं महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता बच्चों की पढ़ाई और ट्यूशन के खर्च में मददगार साबित हो रही है। शासन की योजनाओं से राधिका के परिवार को आवासीय सुरक्षा के साथ आर्थिक संबल भी मिला है।
14 वर्षों तक किराये के मकान में रहने की मजबूरी, बरसात में होती थी परेशानी
राधिका गुप्ता ने बताया कि उनका परिवार करीब 14 वर्षों तक किराये के मकान में रहा। पहले उनका मकान कच्चा था और छत पर टीन की चादरें लगी हुई थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर की खराब स्थिति के कारण विशेषकर बारिश के मौसम में रहने में दिक्कत होती थी। लंबे समय से परिवार को एक सुरक्षित और पक्के मकान की जरूरत थी।
राधिका बताती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का लाभ मिलने से अब उनकी यह परेशानी दूर हो गई है। पक्का आवास मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। वर्षों तक किराये के मकान में रहने के बाद अब परिवार को बेहतर आवासीय सुविधा मिली है।
महतारी वंदन योजना से बच्चों की शिक्षा में मिल रही सहायता
राधिका गुप्ता को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई और ट्यूशन से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। इससे बच्चों की शिक्षा पर होने वाले खर्च में सहायता मिलती है और परिवार पर आर्थिक बोझ कम होता है। उनके लिए यह राशि घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा को आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित हो रही है।
पक्का आवास मिलने पर राधिका ने जताई खुशी, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का माना आभार
राधिका गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले उनका परिवार कच्चे और टीन की छत वाले मकान में रहता था। बारिश के समय पानी टपकने से काफी परेशानी होती थी। अब आवास योजना का लाभ मिलने से परिवार को राहत मिली है। उन्होंने पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
राधिका की कहानी बताती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। एक ओर पक्का आवास परिवार को सुरक्षित रहने की सुविधा प्रदान कर रहा है, वहीं दूसरी ओर आर्थिक सहायता बच्चों की शिक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है।
अम्बिकापुर 09 अक्टूबर 2026/ केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के साथ उपभोक्ताओं को बिजली बिल के खर्च से राहत दिलाने में सहायक बन रही है। योजना का लाभ लेकर बिलासपुर रोड स्थित मठपारा निवासी पंकज साहू ने अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित कराया है। इससे उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने का लाभ भी मिल रहा है।
पंकज साहू बताते हैं कि पहले गर्मी के दिनों में उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 4,000 से 5,000 रुपये तक आता था। बिजली खर्च लगातार बढ़ने से वे परेशान थे। इसके बाद उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना के पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाया। सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई और अब बिल शून्य तक पहुंच गया है। कई बार अतिरिक्त बिजली ग्रिड में निर्यात होने से उनका बिजली खाता क्रेडिट में भी दिखाई देता है।
सब्सिडी से सोलर सिस्टम लगवाना हुआ आसान
पंकज साहू के अनुसार, सोलर सिस्टम स्थापित कराने पर उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 78,000 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30,000 रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि आवेदन के लगभग एक से डेढ़ महीने के भीतर दोनों स्तरों की सब्सिडी उनके खाते में आ गई। इससे सोलर सिस्टम स्थापित कराने का आर्थिक बोझ कम हुआ और स्वच्छ ऊर्जा अपनाना आसान बना।
वे बताते हैं कि सोलर सिस्टम से दिन के समय घर की बिजली संबंधी जरूरतें पूरी होती हैं। जरूरत से अधिक बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है, जिसका लाभ संबंधित बिजली वितरण नियमों और बिलिंग व्यवस्था के अनुसार मिलता है। इस व्यवस्था से उन्हें बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ सौर ऊर्जा के उपयोग का संतोष भी है।
अन्य उपभोक्ताओं से भी योजना का लाभ लेने की अपील
अपने अनुभव साझा करते हुए पंकज साहू अन्य बिजली उपभोक्ताओं से पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार इसका लाभ उठाने की अपील करते हैं। उनका कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के कारण घरों में सोलर सिस्टम लगवाना पहले की तुलना में अधिक किफायती हो गया है। इससे बिजली बिल में कमी लाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
पंकज साहू ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।









