
लोक नृत्य, लोकगीत सहित विभिन्न विधाओं में युवा दिखा सकेंगे अपनी प्रतिभा, 27 अक्टूबर तक पंजीयन कराने की अपील
धमतरी, 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं में सांस्कृतिक चेतना, पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष युवा उत्सव में पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं के साथ विकसित भारत चैलेंज ट्रैक को भी शामिल किया गया है। जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।
युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीयन 19 अक्टूबर 2026 से जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, रुद्री, धमतरी में प्रारंभ होगा। इच्छुक युवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत 27 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कराकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।
विभिन्न विधाओं में प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा तथा रॉक बैंड जैसी विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। कविता लेखन हिंदी, अंग्रेजी एवं भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में किया जा सकेगा। रॉक बैंड में ट्रैक अथवा कराओके के माध्यम से प्रस्तुति मान्य नहीं होगी।
क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के लिए “नशामुक्त युवा का विकसित छत्तीसगढ़” विषय निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत अधिकतम 60 सेकंड की मौलिक एवं रचनात्मक रील तैयार कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करनी होगी। प्रतिभागियों को संबंधित जिले के कलेक्टर के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करने के साथ #cg_youth_fest2026 और #NashaMuktChhattisgarh हैशटैग का उपयोग करना होगा।
आयु सीमा एवं पंजीयन की प्रक्रिया
युवा उत्सव में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों के लिए माय भारत (My Bharat) पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज, पात्रता एवं अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, रुद्री, धमतरी से प्राप्त की जा सकती है।
राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रतिनिधित्व का अवसर
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों अथवा दलों को राज्य स्तर पर चयन का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है।
युवा उत्सव युवाओं को अपनी रचनात्मकता, कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
इच्छुक युवा विस्तृत जानकारी एवं पंजीयन संबंधी सहायता के लिए जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, रुद्री, धमतरी अथवा एएसओ श्री जे.पी. देव के मोबाइल नंबर 9301007368 पर संपर्क कर सकते हैं।









