
Raveena Tandon Birthday Special: बॉलीवुड की चमक-दमक, कैमरों की रोशनी और लाखों दिलों की धड़कन बनने का सपना. 90 के दशक में जब रवीना टंडन ने हिंदी फिल्मों में कदम रखा, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन उनकी कहानी इतनी खास बन जाएगी. कभी ‘मस्त-मस्त गर्ल’ बनकर लोगों के दिलों पर राज किया, तो कभी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहीं.
सलमान खान के साथ पहली फिल्म से शुरू हुआ उनका सफर, अक्षय कुमार से प्यार और फिर ब्रेकअप तक पहुंचा. लेकिन रवीना की जिंदगी की कहानी सिर्फ इतने तक ही नहीं थी. 21 साल की उम्र में उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी.
सलमान खान के साथ किया डेब्यू, फिर बन गईं ‘मस्त-मस्त गर्ल’
रवीना टंडन ने साल 1991 में फिल्म ‘पत्थर के फूल’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. इस फिल्म में उनके साथ सलमान खान नजर आए थे. रवीना के लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने की शुरुआत थी. उनकी पहली ही फिल्म ने उन्हें पहचान दिलाई और उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला.
साल 1994 में आई फिल्म ‘मोहरा’ ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. फिल्म का गाना ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ इतना हिट हुआ कि लोग उन्हें ‘मस्त-मस्त गर्ल’ कहने लगे. इसी साल वह ‘दिलवाले’ और ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं. ग्लैमर, डांस और कॉमेडी से लेकर सीरियस रोल तक, रवीना ने धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बना ली.
लेकिन पर्दे पर उनकी जिंदगी जितनी रंगीन दिखती थी, असल जिंदगी में कहानी उतनी आसान नहीं थी.
अक्षय कुमार से हुआ प्यार, फिर टूट गई सगाई
90 के दशक में रवीना टंडन और अक्षय कुमार की जोड़ी खूब चर्चा में रही. दोनों ने ‘मोहरा’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ रियल लाइफ रिश्ते की भी बातें होने लगीं. धीरे-धीरे दोनों के प्यार की खबरें सामने आने लगीं. उस दौर में उनकी सगाई की खबर ने भी खूब ध्यान खींचा.
लेकिन यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका. दोनों अलग हो गए और उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी बातें हुईं. उस समय किसी रिश्ते के टूटने की खबर अखबारों और मैगजीन में कई दिनों तक छाई रहती थी.
रवीना के लिए यह दौर आसान नहीं रहा होगा, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी को एक टूटे रिश्ते तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला किया और अपनी जिंदगी में नए रास्ते तलाशे.
21 साल की उम्र में दो बेटियां, लोगों ने कहा- ‘कोई शादी नहीं करेगा’
साल 1995 में रवीना टंडन का करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान महज 21 साल की उम्र में उन्होंने पूजा और छाया नाम की दो बच्चियों की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया. दोनों उनके रिश्तेदार की बेटियां थीं और मां के निधन के बाद उनकी परवरिश ठीक से नहीं हो पा रही थी. रवीना ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि यह देखकर उनका दिल टूट गया और उन्होंने दोनों को अपना कानूनी कानूनी गार्जियन बनाने का फैसला कर लिया.
लेकिन उनके इस कदम पर कई लोगों ने सवाल उठाए. रवीना के मुताबिक, कुछ लोगों ने उनसे कहा कि दो बच्चियों की जिम्मेदारी लेने के बाद उनसे कोई शादी नहीं करेगा. हालांकि, रवीना ने इन बातों की परवाह नहीं की. उनका मानना था कि जो इंसान उनसे सच्चा प्यार करेगा, वह उनकी बेटियों को भी अपनाएगा. बाद में उनकी जिंदगी में अनिल थडानी आए और दोनों ने शादी की. आज रवीना अपने चारों बच्चे पूजा, छाया, राशा और रणबीरवर्धन के साथ खास रिश्ता साझा करती हैं.
अनिल थडानी से शादी के बाद बदली जिंदगी
अक्षय कुमार से रिश्ता टूटने के बाद रवीना की जिंदगी में आगे बढ़ने का समय आया. फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से उनकी मुलाकात फिल्म ‘स्टंप्ड’ के दौरान हुई. धीरे-धीरे दोनों करीब आए और नवंबर 2003 में उनकी सगाई हो गई. इसके बाद 22 फरवरी 2004 को दोनों ने उदयपुर में शादी कर ली.
शादी के बाद रवीना की जिंदगी में एक नया चैप्टर शुरू हुआ. उनके घर बेटी राशा और बेटे रणबीरवर्धन का जन्म हुआ. इस तरह पूजा और छाया के साथ उनका परिवार और बड़ा हो गया. रवीना कई बार अपनी बेटियों के साथ अपने रिश्ते पर बात कर चुकी हैं. वह पूजा और छाया को अपने परिवार का अहम हिस्सा मानती हैं.
पर्सनल लाइफ में नए बदलावों के साथ रवीना ने अपने फिल्मी करियर में भी अलग-अलग तरह के रोल किए. उन्होंने यह साबित किया कि वह सिर्फ ग्लैमरस रोल करने तक सीमित नहीं हैं.
‘मस्त-मस्त गर्ल’ से नेशनल अवॉर्ड जीतने तक का सफर
रवीना की पहचान सिर्फ ग्लैमरस रोल और हिट गानों तक सीमित नहीं रही. साल 2001 में आई फिल्म ‘दमन’ में उन्होंने एक ऐसी महिला का रोल किया, जो घरेलू हिंसा का सामना करती है. इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को खूब पसंद किया गया और उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला.
‘शूल’, ‘अक्स’ और ‘सत्ता’ जैसी फिल्मों में भी रवीना ने अलग तरह के रोल किए. इन फिल्मों से पता चला कि वह सिर्फ रोमांटिक फिल्मों और डांस नंबर तक सीमित नहीं हैं. वह सीरियस किरदार भी अच्छी तरह निभा सकती हैं.
कुछ समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद रवीना ने फिर वापसी की. वेब सीरीज ‘अरण्यक’ में उनके काम को पसंद किया गया. वहीं ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ में भी वह एक अहम रोल में नजर आईं.









