

पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्लांट की बिजली निकासी के लिए 3,363 करोड़ की परियोजना,
कहलगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से गंगा को मिलेगी राहत |
भागलपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भागलपुर जिले से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इन योजनाओं में ऊर्जा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इन योजनाओं के माध्यम से भागलपुर में बिजली व्यवस्था मजबूत होने के साथ उच्च शिक्षा, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और गंगा नदी के संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पीरपैंती बिजली परियोजना से ऊर्जा क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
ऊर्जा विभाग के तहत पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए 3,363.01 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराज्यीय संचरण परियोजना विकसित की जाएगी। इसके माध्यम से लगभग 2,400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे राज्य के करीब एक करोड़ परिवारों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
वहीं, पावर प्लांट में लगभग 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से निर्माण कार्य के दौरान 10 से 12 हजार रोजगार तथा करीब 3,000 स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
कहलगांव में बिजली आपूर्ति होगी बेहतर
कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में 2.87 करोड़ रुपये की लागत से दो 33 केवी फीडर का निर्माण किया जाएगा। इससे राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। वहीं, दूसरे फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा। इससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति में मदद मिलेगी।
साइंस ब्लॉक से विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भागलपुर में 3.71 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण किया जाएगा। इसमें आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं और कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
45.99 करोड़ से कहलगांव में बनेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कहलगांव में 45.99 करोड़ रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) परियोजना के तहत 6 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। इसके शुरू होने से शहर का गंदा पानी सीधे गंगा नदी में जाने से रोका जा सकेगा। सीवेज के उपचार के बाद पानी का निस्तारण होने से गंगा की स्वच्छता, जल गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
समग्र विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इन परियोजनाओं से भागलपुर जिले में ऊर्जा, शिक्षा और शहरी आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उद्घोषक ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने संबोधन किया। अंत में उप विकास आयुक्त, भागलपुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
बाइट- अलंकृता पांडे, डीएम, भागलपुर








