
अम्बिकापुर 23 नवम्बर 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज समय-सीमा की बैठक में जिले में धान खरीदी व्यवस्था, जनहित से जुड़े मुद्दों, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनसमस्याओं के निराकरण में तत्परता बरतने के निर्देश दिए। इस बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
धान खरीदी व्यवस्था एवं केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण
बैठक में जिले के धान खरीदी केंद्रों में जारी धान खरीदी की केंद्रवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों के रकबा सत्यापन, अवैध रूप से धान खपाने की रोकथाम तथा खरीदी प्रक्रिया में सभी सुविधाओं के साथ पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी धान खरीदी केंद्रों का मैदानी निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए एसडीएम, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं , जिला विपणन अधिकारी एवं खाद्य अधिकारी को संयुक्त रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा खरीदी की नियमित निगरानी करने कहा।
ईंट भट्ठों में श्रमिकों के बच्चों के लिए मिनी आंगनबाड़ी सुविधा
ईंट भट्ठों के निरीक्षण के संबंध में श्रम विभाग, डीपीओ एवं खनिज विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईंट भट्ठों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को कार्यस्थल पर अस्थायी मिनी आंगनबाड़ी सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण करने कहा, ताकि बच्चों को पोषण एवं प्रारंभिक देखभाल की सुविधाएं मिल सकें।
पेयजल, सड़क, विद्युत एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
इसके अलावा कलेक्टर ने जिले में पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं चैड़ीकरण, विद्युत आपूर्ति और हाईटेंशन तारों से संबंधित समस्याओं, उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, वय वंदन कार्ड निर्माण, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समन्वयपूर्वक निराकरण कर आवश्यक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शिक्षा एवं स्कूल भवन निर्माण कार्यों पर जोर
इसके अलावा शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान आरटीई अंतर्गत बच्चों के एडमिशन की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी निजी संस्थानों को आरटीई अंतर्गत शाला छोड़ने वाले बच्चों के शाला छोड़ने के कारणों को सूचीबद्ध करते हुए सात दिवस के भीतर शिक्षा विभाग में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल भवनों के निर्माण एवं अन्य शैक्षणिक अधोसंरचना संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने कहा।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण
सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान करने तथा शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक निराकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग, खरसिया नाका तथा एमजी रोड के सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने भू-अर्जन , सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाने तथा संबंधित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने कहा।
ग्रामीण अधोसंरचना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने सुग्घर छत्तीसगढ़ योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए योजना के उद्देश्यों के अनुरूप कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपदवार समीक्षा के दौरान पीएम जनमन योजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों तथा आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा। जिले के विभिन्न ग्रामों में पुल-पुलिया निर्माण, भूमि विवादों के निराकरण, महतारी सदन, सीसी रोड निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने कहा।
वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों की जनपदवार समीक्षा
कलेक्टर ने बालिका शौचालयों की जानकारी लेते हुए नए वर्ष में ग्रामों में स्वीकृत तथा निर्माणाधीन बालिका शौचालयों को पूर्ण करने तथा सभी विद्यालयों में दिसंबर तक बालिका शौचालय निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्रामों में मुक्तिधाम निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही सभी जनपदों में वीबी-जी राम जी योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।









