
अम्बिकापुर 23 नवम्बर 2026/ विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के अंतर्गत विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) की मानक संचालन प्रक्रिया के संबंध में आज जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में ग्राम पंचायतों को विकसित, आत्मनिर्भर एवं जल समृद्ध बनाने के उद्देश्य से विकास की कार्ययोजना तैयार करने, प्राथमिकता वाले कार्यों के चयन और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला पंचायत सरगुजा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने की। इसमें योजना से जुड़े सभी जनपद पंचायतों के कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत का स्थानीय आवश्यकताओं, ग्रामीणों की प्राथमिकताओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर विकास का रोडमैप तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों को ग्राम सभा के माध्यम से योजना का अनुमोदन कराने से लेकर उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि और पोर्टल पर अपलोड करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ग्राम पंचायतों की विकास योजनाएं स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार हों और ग्रामीणों की सहभागिता से उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
आगामी चार माह के लिए प्राथमिकता वाले कार्यों का होगा चयन
कार्यशाला में आगामी चार माह के दौरान किए जाने वाले प्राथमिकता वाले कार्यों के चयन पर विशेष चर्चा की गई। इसके तहत जल संरक्षण, आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघर बाड़ी एवं धार अपार जैसे कार्यों को ग्राम पंचायतों की आवश्यकता के अनुसार शामिल करने की प्रक्रिया बताई गई। अधिकारियों को इन कार्यों का चयन गुणवत्ता एवं विभिन्न योजनाओं के अभिसरण को ध्यान में रखकर करने के निर्देश दिए गए, ताकि जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आजीविका के साधनों को भी बढ़ावा मिल सके।
डिजिटल प्रणाली और पारदर्शी भुगतान प्रक्रिया पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला में योजना के तकनीकी एवं वित्तीय प्रबंधन से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। सिक्योर एवं ई-एमबी, NMMS 2.0, MIS, FTO एवं GST की प्रक्रियाओं को पीपीटी प्रस्तुतीकरण और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। इसके साथ ही कार्यों का तकनीकी संधारण, ऑनलाइन प्रविष्टि, समय पर मजदूरी भुगतान तथा पारदर्शी लेखा-जोखा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में हो एक मॉडल कार्य
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने सभी जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की विकसित ग्राम पंचायत योजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाए तथा इसमें ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि कोई भी योजना केवल कागजों पर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए। प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक मॉडल कार्य विकसित किया जाए, जिससे ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता प्रदर्शित हो सके।
उन्होंने कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को VGPP की ऑनलाइन प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा लंबित FTO एवं MIS से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
कार्यशाला में दिए गए प्रशिक्षण से ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाबद्ध विकास, ग्रामीणों की सहभागिता, जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।








