
अंबिकापुर 13 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव में पहुंचकर महोत्सव का शुभारंभ किया। समारोह में उन्होंने सभी को मैनपाट महोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 2 वर्ष पहले मैनपाट महोत्सव में आना हुआ था, इस साल महोत्सव में बड़ा परिवर्तन दिख रहा है। समारोह में भव्यता दिख रही है, मैनपाट महोत्सव को आने वाले हर वर्ष मनाया जाएगा। सभी से चर्चा कर आयोजन के लिए एक तिथि निर्धारित करेंगे। 2 वर्ष पहले मैनपाट महोत्सव हेतु 50 लाख रुपए स्वीकृत किया गया था, आने वाले समय में समारोह की और भव्यता के लिए सरकार चिंता करेगी। सरगुजा की संस्कृति, अस्मिता को दिखाने का माध्यम यह समारोह है। आने वाले समय में यहां की संस्कृति से देश दुनिया परिचित होंगे। बाहर से आने वाले एवं स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। उनके विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम लोग विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लिए हैं। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों के खाते में एक हजार हर महीने आता है, 15 हजार करोड़ से ज्यादा रुपए उनके खाते में जा चुका है। तेंदूपत्ता की कीमत 4 हजार से साढे पाँच हजार मानक बोरा कर दिया गया है। 5 हजार से ज्यादा लोग रामलला दर्शन का लाभ ले चुके हैं। धरती आबा उत्कर्ष योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री ने किया है। हमारा जो बस्तर क्षेत्र है, उसे धरती का स्वर्ग कह सकते है। बस्तर पिछले 40 साल से ज्यादा समय तक आंतकवाद का दंस झेल रहा था। आप लोगों ने देखा है कि 2 साल में यशस्वी प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के आशीर्वाद के कारण उनके दृढ़ ईच्छा शक्ति के कारण यह क्षेत्र नक्सवाद से मुक्त हो रहा है। मैं अपने प्रदेश के जवानों के साहस को नमन करता हूं। 75 प्रतिशत से ज्यादा नक्सलवाद का हिस्सा छत्तीसगढ़ में बचा था, सरकार नक्सलवाद को समाप्ति की ओर ले आई है। प्रधानमंत्री एवं माननीय गृह मंत्री जी का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करना है। इस बार पहली बार 43 गांव में गणतंत्र दिवस में राष्ट्रीय ध्वज फहराया है, हमारे छत्तीसगढ़ में नियद नेल्लानार के माध्यम से सुदूर 4 सौ से ज्यादा गांव विकास की ओर बढ़ रहा है। हम नई उद्योग नीति भी लाए हैं, इसकी सराहना पूरे देश-विदेश में हो रही है, नई उद्योग नीति को लांच हुए 1 वर्ष हुए हैं, 8 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मैनपाट में पर्यटन के विकास हेतु 1 करोड़ रुपए की घोषणा की तथा सीतापुर में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण किए जाने की घोषणा गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का तिब्बती बंधुओं द्वारा तिब्बती संस्कृति पर आधारित “ताशी शोपा“ नृत्य के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और नई संभावनाओं के सृजन की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। होम-स्टे, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन सेवाएं और खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि हो रही है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। पर्यटन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार को विभिन्न विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। इन प्रस्तावों के माध्यम से पर्यटन स्थलों के उन्नयन, सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगार सृजन को और अधिक गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन केवल एक उत्सव का शुभारंभ नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति प्रेम का महोत्सव है। मैनपाट महोत्सव जन-गौरव का उत्सव है, जहां प्रकृति ने स्वयं इस धरती को अद्भुत सौंदर्य से सजाया है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्र को नई सौगातें दी गई हैं। इन कार्यों से स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिली है। विधायक टोप्पो ने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विकास कार्य मैनपाट की प्रगति और समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैनपाट महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विष्णु देव साय का वे समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री जी ने क्षेत्र के विकास हेतु 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। इन कार्यों से मैनपाट में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे। विधायक मिंज ने आगे कहा कि इस तीन दिवसीय महोत्सव से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही क्षेत्र की संस्कृति को नई पहचान मिलेगी ।
कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी,पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी सहित जनप्रतिनिधिगण, संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने किया विभागीय स्टॉल का अवलोकन-
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मैनपाट महोत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया, जहां विभागीय योजनाओं पर आधारित जीवंत मॉडल बनाए गए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में वीबी राम जी एवं अटल पंचायत डिजिटल केंद्र को दर्शाया गया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय शहरी आजिविका मिशन की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं, नशामुक्ति थीम आधारित प्रदर्शनी लगायी गई।आदिवासी विकास विभाग द्वारा पीएमजनमन योजना सहित जनजातीय संस्कृति को दर्शाती हुई विभिन्न आभूषणों, जड़ी बुटियों एवं सामग्रियां प्रदर्शित की गई। कृषि विभाग द्वारा दलहन आत्मनिर्भर मिशन (वर्ष 2025-31) पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। केंद्रीय जेल द्वारा जेल बंदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। रेशम विभाग द्वारा रेशम की खेती एवं प्रसंस्करण की जानकारी सहित निर्मित वस्तुओं एवं उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा हस्तशिल्प से महिला सशक्तिकरण की थीम आधारित एवं वन विभाग द्वारा वन सम्पदा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्रियों का किया वितरण-
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्रियों का वितरण किया। उन्होंने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 3 हितग्राहियों को चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान किया गया। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्रायसिकल एवं 2 दिव्यांगजनों को ट्रायसाइकिल, कृषि विभाग द्वारा शाकम्भरी योजनांतर्गत 16 हितग्राहियों को पम्प एवं 10 हितग्राहियों को चेप कटर वितरित किया गया।
मैनपाट महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को लगभग 523 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात-
मैनपाट महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में विकास को नई गति देते हुए कुलकुल 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपए 109 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपए की लागत के 81 कार्यों का भूमिपूजन एवं 94 करोड़ 09 लाख 13 हजार रुपए की लागत के 28 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास-
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपए की लागत के 80 कार्यों का लोकार्पण किया। शिलान्यास किए जाने वाले कार्यों में कार्यपालन अभियंता पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के 02 कार्य लागत कुल 7.6800 करोड़, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग के 04 कार्य लागत कुल 30.8700 करोड़, आयुक्त नगर पालिक निगम के 02 कार्य लागत कुल 17.0100 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) के 51 सड़कों का निमार्ण कार्य कुल लागत 168.2115 करोड़, लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग के 15 सड़क निर्माण कार्य कुल लागत 184.1800, लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग के 03 भवन निर्माण कार्य कुल लागत 3.0200, सहायक आदिवासी विभाग के 03 कार्य लागत कुल 6.1188 करोड़ रुपए की लागत के शामिल हैं।
लोकार्पण-
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने 94 करोड़ 9 लाख 13 हजार की लागत के 28 कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग क्रमांक-1 के कार्य 10 कार्य कुल लागत 39.2410 करोड़, नगर पालिक निगम के नवीन कार्यालय भवन निर्माण 8 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 06 कार्य कुल लागत 2.7647 करोड़, लोक निर्माण (भ/स) संभाग के 03 सड़क निर्माण कार्य कुल लागत 11.1700 करोड़, लोक निर्माण (भ/स) संभाग के 06 भवन निर्माण कार्य कुल लागत 28.50 करोड़, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के 02 कार्य कुल लागत 4.4156 करोड़ रुपए की लागत के शामिल हैं।







