
कोरबा, 13 जुलाई 2026/कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में पद और स्थान बदलते रहते हैं, लेकिन अधिकारी अपने कार्यों से ऐसी पहचान छोड़ सकते हैं जिसे लंबे समय तक याद रखा जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी शासन के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त हुए हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने यह बात निवर्तमान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग तथा कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री तन्मय खन्ना के कोरबा जिले से अन्यत्र स्थानांतरण के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि एक अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के हित में किए गए कार्यों, बेहतर प्रशासन और सकारात्मक परिणामों से बनती है। जहां भी दायित्व मिले, वहां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर जिले और शासन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।
कलेक्टर ने श्री दिनेश कुमार नाग और श्री तन्मय खन्ना के कोरबा जिले में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अधिकारी अपने नए पदस्थापना स्थल पर भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाएंगे।
अपने संबोधन में श्री दिनेश कुमार नाग ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके कार्यों से बनती है। उन्होंने अपने अब तक के प्रशासनिक सफर को याद करते हुए कहा कि उनका अधिकांश कार्यकाल बस्तर संभाग में बीता और उसके बाद कोरबा जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक जिले में कार्य करने का अवसर उनके लिए बड़ी उपलब्धि रहा।
उन्होंने कहा कि कोरबा में तत्कालीन कलेक्टर श्री सौरभ कुमार, श्री अजीत वसंत तथा वर्तमान कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में उन्हें पूरी स्वतंत्रता और विश्वास के साथ कार्य करने का अवसर मिला। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों के साथ जिला पंचायत सीईओ की जिम्मेदारी निभाना उनके प्रशासनिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
श्री नाग ने कहा कि कोरबा की सबसे बड़ी चुनौती विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास और वनांचल क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की रही। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के लिए तेजी से आवास निर्माण सुनिश्चित करने हेतु सबसे पहले आवास मित्र की व्यवस्था की गई। इसके परिणामस्वरूप आवास निर्माण की प्रगति में कोरबा ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए पिछड़े जिलों की श्रेणी से निकलकर प्रदेश के अग्रणी जिलों में स्थान बनाया।
कलेक्टरश्री दुदावत ने कहा कि सुशासन तिहार जैसे व्यापक अभियान को सफल बनाने में श्री नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पाली महोत्सव के उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इतना सुव्यवस्थित और प्रभावशाली आयोजन उन्होंने किसी अन्य जिले में नहीं देखा।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि कोरबा जैसे महत्वपूर्ण जिले में जिला पंचायत सीईओ के रूप में कार्य करना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने डीएमएफ सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया तथा कठिन परिस्थितियों में भी सदैव मुस्कुराते हुए टीम का नेतृत्व किया। पाली महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल ने कहा कि श्री नाग के साथ उनका लंबे समय का प्रशासनिक संबंध रहा है। उन्होंने उनके सरल, व्यवस्थित और परिणामोन्मुख कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा सुखद अनुभव रहा।
प्रशिक्षु आईएएस श्री विशाल जायसवाल, आईएएस श्री तरुण कुमार किरण, एडिशनल एसपी श्री लखन पटले ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसडीएम कोरबा श्री सरोज महिलांगे ने कहा कि उनकी और श्री नाग की जिले में लगभग साथ ही पदस्थापना हुई थी। निर्वाचन कार्य से लेकर विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तक उन्होंने अपनी दक्षता का परिचय दिया। उनका व्यवहार सदैव सहज, सरल और मिलनसार रहा।









