
प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, चौपाटी में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास का लाभ
सकारात्मक सोच, श्रेष्ठ संस्कार और ज्ञान युवाओं की सबसे बड़ी शक्ति : प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा
धमतरी, 31 जुलाई 2026/ नगरी नगर पंचायत में विकास की नई इबारत लिखते हुए प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने आज 2 करोड़ 76 लाख 13 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों को नई गति मिली है और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
नगर पंचायत के सांस्कृतिक भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गांव से लेकर शहर तक अधोसंरचना का विस्तार, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन, बेहतर सुविधाएं और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रभारी मंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन, श्रेष्ठ संस्कार और निरंतर अध्ययन ही सफलता का मूल मंत्र हैं। अच्छी पुस्तकों का अध्ययन और महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर युवा अपने जीवन के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने चौपाटी परिसर में पौधरोपण करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। हरित नगरी का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा, पूर्व विधायक श्री श्रवण मरकाम तथा श्रीमती पिंकी ध्रुव ने भी नागरिकों को विकास कार्यों की बधाई देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से नगरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा के मार्गदर्शन से नगर पंचायत में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। आधुनिक लाइब्रेरी, बॉक्स क्रिकेट मैदान, सीसी सड़क, नाली निर्माण, पुलिया तथा अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाएं नगरी को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों को राशन कार्ड तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने और दूसरों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में 17.02 लाख रुपये की लागत से निर्मित चौपाटी दुकान सौंदर्यीकरण कार्य तथा 41.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पानी टंकी का लोकार्पण किया गया। वहीं 57.36 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट, 19.89 लाख रुपये की लागत से क्रिकेट बॉक्स, 27.07 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास कार्य तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 114.29 लाख रुपये की लागत के 16 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 76 लाख 13 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेश गोटा, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, पार्षद, एल्डरमेन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री यशवंत वर्मा, उप अभियंता श्री प्रमेश कुमार ध्रुव एवं नगर पंचायत का अमला भी समारोह में मौजूद रहा।
इन विकास कार्यों से नगरी नगर पंचायत में पेयजल, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण संरक्षण और शहरी अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।








