अम्बिकापुर 08 सितम्बर 2026/ संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय एवं उल्लास नवभारत साक्षरता मिशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शिक्षा, डिजिटल ज्ञान, साइबर सुरक्षा तथा अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सरगुजा संभाग डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, पार्षद नगर पालिक निगम अंबिकापुर श्री मनोज गुप्ता, जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता, जन शिक्षण संस्थान के श्री एम. सिद्दीकी, नवा बिहान के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री मंगल पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता श्री सत्येंद्र सिंह तथा बीपीओ श्री कमलेश वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोचन सिंह बाबरा, प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह एवं सहायक प्राध्यापक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षार्थियों ने साक्षरता के महत्व पर विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि साक्षरता व्यक्ति को ज्ञान, आत्मनिर्भरता तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों की समझ प्रदान करती है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने कहा कि वर्तमान समय में साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है। कंप्यूटर, डिजिटल तकनीक, साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का ज्ञान भी आधुनिक साक्षरता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से साक्षरता दर बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
पार्षद श्री मनोज गुप्ता ने कहा कि ज्ञान का समाजहित में उपयोग ही साक्षरता की सार्थकता है। श्री मंगल पांडे ने अधिकारों, कर्तव्यों, सही निर्णय लेने की क्षमता और जीवनोपयोगी ज्ञान को साक्षरता का महत्वपूर्ण अंग बताया।
महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोचन सिंह बाबरा ने शिक्षा और साक्षरता को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए प्रशिक्षार्थियों को जन-जन तक साक्षरता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस कार्यक्रम के आयोजन के लिए महाविद्यालय का चयन किए जाने पर जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय साक्षरता अभियान में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बीपीओ श्री कमलेश वर्मा, जन शिक्षण संस्थान के श्री एम. सिद्दीकी एवं उल्लास प्रभारी डॉ. पूजा दुबे को मशाल प्रज्वलित कर सौंपी गई। यह मशाल ज्ञान के प्रकाश से अशिक्षा के अंधकार को दूर करने और साक्षरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक रही। साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह के निर्देशन, उल्लास प्रभारी डॉ. पूजा दुबे के नेतृत्व तथा सहायक प्राध्यापक श्रीमती सुमन पाण्डेय, डॉ. रानी पाण्डेय, श्रीमती चंदा सिंह एवं श्रीमती नीरू त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षार्थियों द्वारा संपन्न किया गया।









