
कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार धरने पर बैठे
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार मतगणना केंद्र पर धरने पर बैठ गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं. उन्होंने इसे बड़ी चूक बताते हुए बिना सीसीटीवी कैमरों के मतों की गिनती कराए जाने पर सवाल उठाया है.
गोलघर के पास समेत कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद
मतगणना के मद्देनजर गोलघर के पास और अन्य निर्धारित मार्गों पर सुबह पांच बजे से मतगणना समाप्त होने तक सामान्य और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है. हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, शव वाहन, मरीजों को ले जाने वाले वाहन और न्यायिक कार्य से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है. लोगों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले अपने मार्ग की स्थिति की जानकारी ले लें.
इन जिलों में होगी काउंटिंग
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. 23 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद आज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. चुनाव आयोग ने पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में मतगणना केंद्र बनाए हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों के परिणाम पहले आने की संभावना है.
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतगणना को लेकर बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्र पर जगह-जगह पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है. बिना परिचय पत्र के किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. प्रत्याशियों के एजेंटों के लिए अलग से पास और पहचान पत्र की व्यवस्था की गई है. मतगणना परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा.
स्नातक के वोटों की गिनती 14, शिक्षक के 12 राउंड में
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल की व्यवस्था की गई है. इसकी गिनती 14 राउंड में पूरी होगी. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती सात टेबल पर 12 राउंड में की जाएगी. 23 अक्टूबर को हुए मतदान में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 134 बूथों और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 80 बूथों पर वोट डाले गए थे. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 57.56 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.75 प्रतिशत मतदान हुआ था.
पटना स्नातक एवं शिक्षक चुनाव में 36 प्रत्याशियों के भाग्य का आज होगा फैसला
पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मंगलवार को 36 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल में सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी. मतगणना के परिणाम शाम चार बजे तक आने की संभावना है. पहले चरण में बढ़त हासिल करने वाले प्रत्याशियों के परिणाम घोषित किए जाएंगे.
स्नातक कोटे की सीटों पर मतदान का आंकड़ा
स्नातक कोटे की चार सीटों पर कुल 492594 मतदाता थे. कोसी सीट पर 52.51%, तिरहुत में 42.15%, दरभंगा में 42% और पटना में 36.19% मतदान हुआ था. चारों सीटों पर कुल मतदान 43.87% रहा. कोसी सीट पर 15 उम्मीदवार, तिरहुत में 17, दरभंगा में 40 और पटना में 18 उम्मीदवार मैदान में हैं. स्नातक कोटे की इन सीटों पर कुल 90 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई है.






