
अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2026/ जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजन एवं फीता काटकर हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित पक्के आवासों में गृह प्रवेश कराया तथा प्रतीकात्मक रूप से “खुशियों की चाबी” सौंपकर उन्हें नए घर की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, जनपद सीईओ श्रीमती खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी एवं एबीपी फेलो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुके प्रधानमंत्री आवासों का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। अपने स्वयं के पक्के घर में प्रवेश का अवसर हितग्राही परिवारों के लिए सुरक्षा, सम्मान, स्थायित्व और नई उम्मीदों की शुरुआत का सुखद अवसर रहा।
गृह प्रवेश के दौरान हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े एवं उनकी पत्नी फूलमती को जब मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उनके नए घर की चाबी सौंपी, तो परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का घर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में अन्य हितग्राहियों जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो एवं संतोष सहित अन्य आवास हितग्राहियों को भी मंत्री श्री अग्रवाल द्वारा “खुशियों की चाबी” प्रदान की गई तथा उनके सुखद एवं सुरक्षित गृहस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शेष आवासों को भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ऐसे पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, जिनके पास स्वयं का पक्का घर नहीं है। योजना के माध्यम से “हर पात्र परिवार को पक्का घर” उपलब्ध कराने के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्राम गोरता में आयोजित यह गृह प्रवेश कार्यक्रम में अपने पक्के घर का सपना साकार होने से हितग्राही परिवारों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।
जिले में 5,596 आवासों में हुआ गृह प्रवेश कार्यक्रम
आज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), पीएम जनमन योजना (PM-JANMAN) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (MMAY-G) के तहत निर्मित किए गए कुल 5,596 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इनमें PMAY-G के 4,967, PM-JANMAN के 398 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के 231 आवास शामिल हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में 1,235 आवासों में हैं, जिनमें PMAY-G के 1,170, PM-JANMAN के 41 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 24 आवास शामिल हैं। इसी प्रकार बतौली में 737 आवासों में PMAY-G के 642, PM-JANMAN के 81 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 14 आवास शामिल हैं।
लखनपुर में कुल 1,033 आवासों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें PMAY-G के 978, PM-JANMAN के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 44 आवास शामिल हैं। लुंड्रा में 685 आवासों में PMAY-G के 450, PM-JANMAN के 142 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 93 आवास शामिल हैं।
इसी तरह मैनपाट में 577 आवासों में PMAY-G के 469, PM-JANMAN के 83 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 25 आवास, सीतापुर में 626 आवासों में PMAY-G के 593, PM-JANMAN के 24 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 9 आवास तथा उदयपुर में 703 आवासों में PMAY-G के 665, PM-JANMAN के 16 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 22 आवास शामिल हैं।









