
– आर्थिक संबल मिला, बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर कर रहीं खर्च
राजनांदगांव 14 सितम्बर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जा रहा है। इसी कड़ी में महतारी वंदन योजना डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अमलीडीह की श्रीमती लोकेश्वरी साहू के लिए आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है। श्रीमती लोकेश्वरी साहू बताती हैं कि योजना से जुडऩे से पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी और आय का कोई स्थायी साधन नहीं था। घर-परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कई बार आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। महतारी वंदन योजना की शुरुआत से ही वे इससे जुड़ी हुई हैं और योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपनी गर्भावस्था के दौरान देखभाल तथा बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान और पोषण से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। इसके साथ ही घर की छोटी-मोटी आवश्यकताओं के लिए अब उन्हें पूरी तरह दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा करने का आत्मविश्वास दिया है।
श्रीमती लोकेश्वरी साहू कहती हैं कि महतारी वंदन योजना उनके लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार बनी है। आज वे पहले की अपेक्षा स्वयं को अधिक आर्थिक रूप से मजबूत महसूस करती हैं। श्रीमती लोकेश्वरी साहू ने महतारी वंदन योजना लागू करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए ऐसी जनहितकारी योजनाएं निरंतर संचालित होती रहनी चाहिए।









