
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/कोहड़िया के चारपारा निवासी मनतोसी चौहान को श्रम विभाग की असंगठित महतारी जतन योजना के अंतर्गत पहले बच्चे के जन्म पर 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली। इस राशि का उपयोग उन्होंने प्रसव के बाद बच्चे के पालन-पोषण में किया।
मनतोसी चौहान का असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत घरेलू कर्मकार के रूप में पंजीयन है। उनके पति वाहन चालक हैं। मनतोसी ने बताया कि उन्हें श्रम विभाग से योजना की जानकारी मिली थी। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्हें बच्चे की देखभाल में मदद मिली। साथ ही, उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
मनतोसी ने सहायता के लिए श्रम विभाग कोरबा और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि शासन की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में संबल देती हैं।
केज मछली पालन से रामलाल की आजीविका को मिला नया आधार
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत डीएमएफ से मिले पांच केज, अब 87 हजार रुपये तक की कमाई
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम छातापखना निवासी श्री रामलाल, पिता श्री सुकलाल को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से केज कल्चर के लिए पांच केज उपलब्ध कराए गए। पहले उनके पास रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं था और आय भी सीमित थी।
केज मिलने के बाद रामलाल ने मछली पालन शुरू किया। अब इस कार्य से उन्हें 87 हजार रुपये तक की कमाई हो जाती है। मछली पालन से मिली आय ने उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने में मदद की है। रामलाल ने इस सहायता के लिए शासन और संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दूरस्थ गांव में रोशनी की नई व्यवस्था, बरपाली में रात का आवागमन हुआ सहज
सोलर लाइट से गांव की रातें रोशन हुईं, रात में आवागमन सुविधाजनक हुआ – ग्रामीण
कोरबा 03 अक्टूबर 2026/गांव में शाम ढलते ही जब अंधेरा रास्तों को घेर लेता है, तब छोटी दूरी तय करना भी सावधानी का काम बन जाता है। कोरबा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रात के समय प्रकाश की इसी जरूरत को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि से सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम बरपाली के चौक में क्रेडा विभाग द्वारा सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है।
सोलर हाईमास्ट की सुविधा मिलने से पहले बरपाली चौक और आसपास का क्षेत्र शाम के बाद अंधेरे में डूब जाता था। जरूरी काम से निकलने वाले ग्रामीणों को रास्ता देखने में परेशानी होती थी। खेतों और घरों के आसपास जाने में सांप-बिच्छू तथा अन्य जीव-जंतुओं को लेकर भी सतर्क रहना पड़ता था। रात में आने-जाने का समय ग्रामीणों के लिए असुविधा वाला रहता था।
अब सोलर हाईमास्ट से चौक और आसपास के रास्तों में पर्याप्त रोशनी रहती है। सड़क स्पष्ट दिखाई देने से ग्रामीणों के लिए रात में आवागमन सुविधाजनक हुआ है। सौर ऊर्जा से चलने वाली इस व्यवस्था के लिए नियमित बिजली आपूर्ति की जरूरत नहीं होती और बिजली बिल का खर्च भी नहीं आता। बैटरी बैकअप के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर भी प्रकाश उपलब्ध रहने में मदद मिलती है।
ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि, “पहले शाम होते ही चौक पर अंधेरा छा जाता था। अगर रात में किसी काम से बाहर निकलना पड़े तो मोबाइल की रोशनी या टॉर्च के सहारे रास्ता देखना पड़ता था। खेत की तरफ जाना हो तो हर कदम संभलकर रखना पड़ता था, क्योंकि घास और अंधेरे में सांप-बिच्छू दिखाई नहीं देते थे। अब चौक पर हाईमास्ट की रोशनी रहती है तो दूर से ही रास्ता साफ दिखाई देता है। घर से चौक तक आने-जाने में अब पहले जैसी परेशानी नहीं होती। बच्चों या परिवार के किसी सदस्य को रात में बाहर भेजना पड़े तो मन में भी ज्यादा चिंता नहीं रहती। सौर ऊर्जा से रोशनी मिलने से गांव की रातें काफी सुविधाजनक हुई हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हम दिल से आभार व्यक्त करते हैं कि दूरस्थ गांव में हमारी जरूरत को समझकर रोशनी की यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।”
महतारी वंदन योजना ने आसान किया घरेलू खर्च का प्रबंधन, कलेश्वरी को मिला आर्थिक संबल
डीबीटी से खाते में पहुंच रही सहायता राशि, कलेश्वरी के परिवार की आर्थिक स्थिति में आया सुधार
कोरबा 03अक्टूबर 2026/घर की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में जब महिला के हाथ में अपनी नियमित आर्थिक सहायता हो, तो परिवार की आर्थिक व्यवस्था को संभालने का भरोसा भी बढ़ता है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली मासिक सहायता ने महिलाओं को अपनी घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया है। इस नियमित सहायता से महिलाओं को घर के खर्च को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने और आवश्यकताओं को पूरा करने में सुविधा मिल रही है।
कोरबा विकासखंड के ग्राम गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली श्रीमती कलेश्वरी के लिए भी महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता घर की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग बन रही है। योजना का लाभ मिलने से पहले घरेलू खर्चों को सीमित आर्थिक संसाधनों में ही संतुलित करना पड़ता था। आवश्यक सामान और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उपलब्ध आय के अनुसार खर्च की व्यवस्था करनी होती थी।
महतारी वंदन योजना के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा कलेश्वरी का फॉर्म भरवाया गया। योजना का लाभ स्वीकृत होने के बाद अब उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हर माह एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है। कलेश्वरी इस राशि का उपयोग घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से घरेलू खर्च को संभालने में उन्हें सुविधा हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
कलेश्वरी अपने अनुभव बताते हुए कहती हैं, “आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मेरा महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरवाया। अब हर महीने एक हजार रुपये सीधे खाते में आते हैं। इस राशि से घर की जरूरी चीजें लेने में मदद मिलती है। नियमित रूप से सहायता मिलने से घर का खर्च संभालना पहले की तुलना में आसान हुआ है।”
कलेश्वरी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहारा मिल रहा है। इस राशि से घर की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को इस योजना के लिए धन्यवाद देती हूं।”
धान के साथ मूंगफली की खेती से प्याजराम राठिया की आय में हुई वृद्धि
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/कोरबा विकासखंड की ग्राम पंचायत सिमकेदा के ग्राम ढेंगुरडी निवासी किसान श्री प्याजराम राठिया, पिता श्री होवल सिंह राठिया, उम्र 62 वर्ष, को कृषि विभाग की एनएमईओ खाने योग्य तिलहनी फसलों को बढ़ावा देना योजना के तहत तिलहनी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सहायता मिली। योजना के माध्यम से उन्हें मूंगफली उत्पादन की वैज्ञानिक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और बीज उपलब्ध कराए गए।
श्री राठिया पहले केवल धान की खेती करते थे। एक ही फसल पर निर्भर रहने के कारण उनकी आय सीमित थी। योजना से मिली जानकारी और सहयोग के बाद उन्होंने मूंगफली की खेती शुरू की। पहले ही वर्ष में मूंगफली उत्पादन उनके लिए लाभप्रद रहा और उन्हें लगभग 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हुई।
किसान के अनुसार, योजना से पहले उनकी अनुमानित वार्षिक आय करीब 42 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 50 हजार रुपये हो गई है। तिलहनी फसल अपनाने से उनकी आय में वृद्धि हुई है और खेती के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ा है। श्री राठिया ने इस सहयोग के लिए कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
धान खरीदी की तैयारियों में लापरवाही न हो, किसानों के सभी खसरे एग्रीस्टैक में दर्ज करें-कलेक्टर कुणाल दुदावत
21 अक्टूबर तक किसानों के सभी खसरों का एग्रीस्टैक से मिलान कर प्रमाण-पत्र देने के निर्देश
वनपट्टा एवं अन्य विशेष श्रेणी के किसानों के प्रकरण समय-सीमा में पूरे करें, खरीदी केंद्रों की तैयारी 25 अक्टूबर तक पूरी करने को कहा
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की आवश्यक तैयारी को लेकर कलेक्टर ने की समीक्षा
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि किसानों को रकबे में कमी, खसरे छूटने और फसल प्रविष्टि में त्रुटि जैसी समस्याए न आएं, किसी किसान को धान विक्रय करने में परेशानियों का सामना न करना पड़े इसके लिए गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने सभी अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को पंजीयन, एग्रीस्टैक और फसल मैपिंग का काम समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पिछले वर्ष पंजीकृत प्रत्येक किसान के सभी खसरों, फसलों और रकबे का एग्रीस्टैक में मिलान किया जाए। समिति प्रबंधक किसानों को बुलाकर ऑपरेटरों के माध्यम से बी-1 में दर्ज खसरों और फसलों की जांच कराएं। किसी भी पंजीकृत किसान का एक भी खसरा छूटना नहीं चाहिए। तहसीलदार और एसडीएम तहसीलवार तथा समितिवार प्रगति की समीक्षा करें। सभी समितियां जांच पूरी कर 21 अक्टूबर तक प्रमाण-पत्र दें कि पंजीकृत किसानों के सभी पात्र खसरे एग्रीस्टैक में दर्ज हैं।
बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार जिले में 60 सक्रिय आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत 73 धान खरीदी केंद्र हैं। समिति स्तर पर कुल 52,689 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें 52,383 का एग्रीस्टैक पंजीयन हो चुका है और 306 का पंजीयन शेष है। कलेक्टर ने शेष पंजीयन जल्द पूरा कराने तथा अगले दो-तीन दिनों तक इसकी दैनिक प्रगति की निगरानी करने को कहा।
विशेष श्रेणी के किसानों वनपट्टाधारी, डुबान, शासकीय भूमि और शासकीय पट्टाधारी किसानों सहित के मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। ऐसे किसानों के प्रकरणों में भूमि विवरण, खसरे और अक्षांश-देशांतर की प्रविष्टि पूरी कराई जाए। पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों के 7,541 खसरे अपडेट फार्मर रिक्वेस्ट आवेदन की प्रक्रिया के लिए लंबित बताए गए। कलेक्टर ने तहसीलवार सूची को समितिवार तैयार कर संबंधित समितियों तक पहुंचाने और इन मामलों के निराकरण की नियमित समीक्षा करने को कहा। पटवारी अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरईओ) के स्तर पर लंबित प्रकरणों को भी समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
वनपट्टाधारी और अन्य पात्र पट्टाधारी किसान पंजीयन के लिए संबंधित समितियों में आवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि 30 अक्टूबर के बाद प्राप्त आवेदन मान्य नहीं होंगे। समितियां आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य जरूरी चरणों को समय रहते पूरा करने की कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र किसान का वास्तविक रकबा कम करना उद्देश्य नहीं है; पंजीयन और अभिलेखों का मिलान सही तरीके से किया जाना चाहिए।
धान खरीदी केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 25 अक्टूबर तक केंद्रों को तैयार करने के निर्देश दिए। केंद्रों में साफ-सफाई, नमी मापक यंत्रों का कैलिब्रेशन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट और तौल उपकरणों का सत्यापन, बायोमेट्रिक डिवाइस, बारदाने, जल निकासी, बैनर-पोस्टर और निगरानी समिति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नए खरीदी केंद्रों पर स्थल चयन, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, स्कैनर, जनरेटर, ऑपरेटर और केंद्र प्रभारी की उपलब्धता भी समय पर सुनिश्चित करने को कहा। कर्मचारियों और ऑपरेटरों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 12 से 16 अक्टूबर, जिला एवं अनुविभाग स्तर का प्रशिक्षण 19 से 27 अक्टूबर और खरीदी केंद्रों की संभागवार समीक्षा एवं ट्रायल रन नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। किसानों के लिए टोकन की प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू होगी तथा धान उपार्जन अवधि 15 नवंबर से 31 जनवरी तक संभावित है।
उन्होंने पीडीएस बारदानों का संग्रहण समय पर कराने, बारदानों की उपलब्धता पर निगरानी रखने और बकेट क्लेम के लक्ष्य की समीक्षा करने के निर्देश दिए। प्रत्येक तहसीलदार को दस गांव चिन्हित कर पटवारियों के माध्यम से अक्टूबर माह में बकेट क्लेम की शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा गया। एसडीएम को इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई। पॉलीगॉन ऐप ट्रेसिंग में आ रही समस्याओं का समाधान करने तथा डिजिटल कृषि मोबाइल ऐप में प्रविष्टियों के लिए सर्वेयर लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। धान विक्रय नहीं करने वाले किसानों की सहमति के आधार पर आवश्यक पंचनामा तैयार कराने को कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल एवं श्री ओंकार यादव, खाद्य अधिकारी श्री घनश्याम कंवर, उप पंजीयक सहकारिता एम मिंज, जिला विपणन अधिकारी श्री ऋतुराज देवांगन, उप संचालक कृषि श्री डीपीएस कंवर, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री सुशील जोशी, डिप्टी कलेक्टर श्री तुलाराम भारद्वाज सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, बैंक मैनेजर, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी,समिति प्रबंधक और समिति ऑपरेटर उपस्थित थे।
किसान समिति में कराएं खसरों का मिलान, त्रुटि मिलने पर तुरंत कराएं सुधार – कलेक्टर
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी संबंधित समिति में जाकर अपने खसरों का मिलान कराएं और सुनिश्चित करें कि कोई खसरा पंजीयन से छूटा न हो। खसरे या पंजीयन में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समिति स्तर पर उसका सुधार अवश्य कराएं। उन्होंने समिति प्रबंधकों को भी किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
छूटे एवं नवपात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए चलेगा विशेष अभियान
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के अनुसार कोरबा जिले में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जिनका पंजीयन अब तक नहीं हो पाया है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतीकरण की प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे।
समस्त पात्र नागरिकों से अपील किया गया है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती हेतु दावा-आपत्ति आमंत्रित
कोरबा 03 अक्टूबर 2026/
एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा (ग्रामीण) अंतर्गत अंागनबाड़ी कार्यकर्ता के 02 एवं अंागनबाड़ी सहायिका के 07 रिक्त पदों हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये थे।ध् जिसकी जांच एवं परीक्षण उपरांत अनन्तिम मूल्यांकन पत्रक जारी किया गया है। मूल्यांकन पत्रक पर दावा आपत्तियां आमंत्रित की गई है। दावा आपत्तियां प्राप्त करने की तिथि 05.10.2026 से 14.10.2026 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदिकाएं ऑनलाईन पोर्टल https://aww.e-bharti.in
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
मंत्री लखनलाल देवांगन ने बच्चों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ
कोरबा, 3 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और विकसित भारत, राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना, स्वच्छता तथा महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और रचनात्मकता प्रस्तुत की। ग्राम और स्कूल स्तर से विकासखंड स्तर तक हुई प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कोरबा जिले में प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष तक जनसेवा की है। उनके नेतृत्व में गरीब कल्याण और देश के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा में शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। स्कूलों में नाश्ता और मध्यान्ह भोजन, अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था तथा स्कूलों, छात्रावासों और आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना का विकास इनमें शामिल हैं। उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सहायता दी जा रही है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कक्षा चौथी के विद्यार्थी सहित तीन बच्चों ने विकसित भारत और महिला सशक्तीकरण पर प्रभावशाली विचार रखे। भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में स्कूलों के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजन बच्चों को अपने विचार रखने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर देते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के साथ नाश्ता भी दिया जा रहा है। दसवीं के बाद आईआईटी-जेईई और नीट की तैयारी करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर दो वर्ष की कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। उच्च शिक्षा में आर्थिक स्थिति बाधा न बने, इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस और हॉस्टल फीस में डीएमएफ से सहायता देने की योजना शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों की अधोसंरचना का आकलन कर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की पहल भी की है। विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए डीएमएफ से लगभग चार सौ अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार न पाने वाले विद्यार्थियों का प्रयास भी सराहनीय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत का सपना देखा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। आज के विद्यार्थी आगे चलकर देश को नई दिशा देने और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय ने प्रतियोगिताओं के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल और विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताओं के बाद चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, डिजिटल भारत और विकसित भारत के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, श्रीमती प्रीति सोहनकार, श्री नरेंद्र पटनवार, प्राचार्य श्रीमती अल्का फिलिप्स सहित जनप्रतिनिधि, अतिथि और विद्यार्थी उपस्थित थे।
भाषण में अखिल कुमार, शुभांगी साहू, आर्या गुप्ता ने प्रथम स्थन प्राप्त किया
भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में प्राथमिक शाला भलपहरी के अखिल कुमार ने प्रथम, प्राथमिक शाला नगराहीपारा की प्रियांशी मरावी ने द्वितीय और प्राथमिक शाला सतरेंगा की ईशिका तिर्की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में सेजेस पंप हाउस की शुभांगी साहू प्रथम, लिटिल स्टेप स्कूल कोरबा के प्रियांशु सिंह द्वितीय और माध्यमिक शाला मड़ई की काजल मरकाम तृतीय स्थान पर रहीं। हाई एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल, दीपका की आर्या गुप्ता ने प्रथम, सेजेस करतला की अनिमा अगरिया ने द्वितीय और पीएमश्री बालको की आयुषी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला में दक्ष कुमार, गरिमा और अंतिमा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल, दीपका के दक्ष कुमार ने प्रथम, प्राथमिक शाला कराईनारा की डिंपल साहू ने द्वितीय और सेजेस हरदीबाजार के समर साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में माध्यमिक शाला गुड़रूमुड़ा की गरिमा प्रथम, माध्यमिक शाला पताड़ी की श्रेया कुमारी यादव द्वितीय और केजीबीवी सेंदरीपाली की निशा राठिया तृतीय स्थान पर रहीं। हाई एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में सेजेस एनसीडीसी की अंतिमा कुमारी ने प्रथम, हाई स्कूल देवहरी की दिशा विंध्यराज ने द्वितीय और सेजेस पंप हाउस की सृष्टि साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नमो सेवा की अनकही कहानियां
नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने दिया सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण का संदेश
साडा कन्या शाला में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक से जनसेवा के प्रति किया जागरूक
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां ’ के अंतर्गत कोरबा शहर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने अपनी कला, अभिनय और प्रभावी संवादों के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण तथा देश के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों से जुड़े विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा-समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधि आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में साडा कन्या विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तथा प्रधानमंत्री के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों और राष्ट्रीय स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी पहलों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात के विकास, प्रधानमंत्री के रूप में नोटबंदी, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों में बदलाव, तीन तलाक से संबंधित कानून, कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए प्रयासों, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सर्जिकल स्ट्राइक सहित देश में हुए विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को विषयवस्तु के रूप में शामिल किया। विद्यार्थियों ने संवाद, अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से देश के प्रति जिम्मेदारी, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह, श्री योगेश मिश्रा, श्री अजय विश्वकर्मा, श्री योगेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य श्री रणधीर सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को देश, समाज और जनसेवा के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान कर रहा है। ‘नमो सेवा गाथा’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी इतिहास, विकास यात्रा और सामाजिक सरोकारों को रचनात्मक तरीके से समझते हुए अपने विचार समाज तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शिविरों से योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान नागरिकों तक पहुंचेगा-उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन
’टी.पी. नगर में सेवा संकल्प शिविर, 89 आवेदन प्राप्त’
कोरबा, 3 अक्टूबर 2026/नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” शिविर का आयोजन टी.पी. नगर जोन कार्यालय परिसर में किया गया। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। टी.पी. नगर जोन क्षेत्र में आयोजित शिविर में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक अलग-अलग स्तर पर सेवा सेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ देने के साथ उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने इसे आम नागरिकों के लिए लाभकारी पहल बताया।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। सेवा संकल्प शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के आयोजन से नागरिकों को राहत मिल रही है।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने जिला एवं निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम कोरबा के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि टी.पी. नगर जोन का नाम ‘संकल्प’ है और निगम का प्रयास है कि सभी सेवाएं अंतिम छोर तक पहुंचें।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
शिविर में उद्योग मंत्री, महापौर, सभापति, आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान मोर मकान-मोर आवास योजना के तहत आवास की चाबी, श्रद्धांजलि योजना के चेक, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एलओआर, श्रम विभाग की मुख्यमंत्री महतारी योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये के चेक, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ, वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र वितरित किए गए। इस दोैरान एमआईसी के सदस्य श्री नरेन्द्र देवांगन, पार्षदगण, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह आदि उपस्थित रहे।
कोरबा जोन में 6 अक्टूबर को शिविर
नगर निगम द्वारा आयोजित शिविरों की अगली कड़ी में 6 अक्टूबर को कोरबा जोन में शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को कोसाबाड़ी जोन, 9 अक्टूबर को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन, 10 अक्टूबर को बालको जोन, 13 अक्टूबर को दर्री जोन और 14 अक्टूबर को सर्वमंगला नगर जोन में सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार” शिविर आयोजित किए जाएंगे।
क्रमांक 1290/कमलज्योति/फोटो क्रमांक- 21 से 25
//समाचार//
कराईनारा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मिले 276 आवेदन, 38 का मौके पर निराकरण
प्रधानमंत्री आवास की चाबियां, आवासीय पट्टे और शैक्षणिक सामग्री सहित विभिन्न लाभ वितरित
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत कराईनारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 276 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 38 का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और राज्यगीत के साथ किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से छह नवप्रसूता महिलाओं के शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने उपस्थित नागरिकों का अभिवादन करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत ढनढनी के राशन कार्ड से अपात्र हुए हितग्राहियों से चर्चा कर उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर ने भी शिविर में प्राप्त आवेदनों पर शासन की मंशा के अनुरूप कार्रवाई की बात कही। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा ने नागरिकों से बिजली बचाने के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। उन्होंने जनपद क्षेत्र के मेधावी कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला श्री वैभव कुमार कौशिक ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त 276 आवेदनों में से 38 का स्थल पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के छह हितग्राहियों को आवास की चाबियां और राजस्व विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे तथा पांच हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की नौ मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से 42 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। अंत में उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त कर शिविर का समापन किया गया।
विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच से सजा ‘मेरे सपनों का भारत’, विकास और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार’
हर आंख में उम्मीद, हर हाथ में हुनर’कृअखिल ने भाषण में रखी विकसित भारत की परिकल्पना
नन्हे अखिल के सपनों में सजा विकसित भारत, शिक्षा, रोजगार और खुशहाल किसान की रखी तस्वीर
शुभांगी और आर्या ने भाषण में रखी सशक्त भारत की तस्वीर, महिला सशक्तिकरण को बताया विकास की ताकत
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (एनसीडीसी शाला) में किया गया। जिले के स्कूल एवं विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत, स्वच्छ भारत, राष्ट्र निर्माण, रक्षा प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं पर्यावरण सहित विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से भविष्य के सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत की तस्वीर दिखाई दी। चित्रकला में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसानों की खुशहाली, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के प्राथमिक शाला भलपहरी के कक्षा चौथी के छात्र अखिल कुमार ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर बोलते हुए अखिल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘विकसित भारत/2047’ की संकल्पना से प्रेरित भारत की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसमें विकास के साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में बेहतर अवसर और खुशहाली सुनिश्चित हो।
अखिल ने कहा कि “मेरे सपनों का भारत केवल ऊंची इमारतों और चमकती सड़कों का भारत नहीं है। मेरे सपनों का भारत वह है, जहां हर आंख में उम्मीद, हर हाथ में हुनर और हर हृदय में देश के लिए गर्व हो।” उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना रखी, जहां गरीबी किसी बच्चे के विकास में बाधा न बने, हर किसान खुशहाल हो तथा महिलाएं शिक्षित, सुरक्षित और सशक्त बनें। उन्होंने देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी, आत्मनिर्भर गांव, स्वच्छ शहर और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज की परिकल्पना भी प्रस्तुत की।
अखिल ने अपने विचारों में प्रत्येक व्यक्ति के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, रोजगार और आगे बढ़ने के समान अवसर की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को दुनिया में अग्रणी बनाने के साथ अपनी संस्कृति, भाषा और संस्कारों को सहेजकर आगे बढ़ने की बात कही। उसकी प्रस्तुति में विकसित भारत के साथ सामाजिक समानता, अवसरों की उपलब्धता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इसी प्रकार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पंप हाउस की कक्षा 7वीं की छात्रा सुश्री शुभांगी साहू और सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल दीपका की कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री आर्या गुप्ता ने भाषण प्रतियोगिता में ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘महिला सशक्तिकरण’ विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। दोनों छात्राओं ने शिक्षा, समान अवसर, महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए सशक्त एवं विकसित भारत की अपनी सोच साझा की।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उनकी रचनात्मक सोच और भविष्य के भारत को लेकर उनकी कल्पनाशीलता को सामने रखा। ‘मेरे सपनों का भारत’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचारों को मंच प्रदान करने के साथ देश के विकास में अपनी भूमिका को लेकर भी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
छात्र अखिल कुमार एवं दोनों छात्राओ की विचारपूर्ण और प्रभावशाली प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की। सभी अतिथियों ने उसके ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर व्यक्त विचारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसकी कल्पनाशीलता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मन में विकसित और सशक्त भारत की ऐसी कल्पनाएं भविष्य के भारत की मजबूत नींव तैयार करती हैं।
रंगों में सजा ‘मेरे सपनों का भारत’, विद्यार्थियों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर
दक्ष, गरिमा और अंतिमा की रचनात्मक उड़ान, रंगों में दिखाई विकसित भारत की तस्वीर
कोरबा, 03 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा से ‘मेरे सपनों का भारत’ को जीवंत स्वरूप दिया। विभिन्न वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल दीपका के कक्षा 5वीं के छात्र दक्ष, माध्यमिक शाला गुडरूमुड़ा की कक्षा 8वीं की छात्रा सुश्री गरिमा एवं सेजेस एनसीडीसी विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा सुश्री अंतिमा कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के जरिए स्वच्छ एवं विकसित शहर, आत्मनिर्भर गांव, खुशहाल किसान, शिक्षित युवा, सशक्त महिलाएं, आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को कलात्मक अभिव्यक्ति दी। उनकी कलाकृतियों में विकास के साथ सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
दक्ष ने रॉकेट प्रक्षेपण, अंतरिक्ष मे मानव की पहुँच, अत्याधुनिक सेटेलाईट को बनाया चित्र का आधार
ईस्ट पॉइंट इंग्लिश स्कूल दीपका के कक्षा 5वीं के छात्र दक्ष ने रॉकेट प्रक्षेपण, अंतरिक्ष मे मानव की पहुँच, अत्याधुनिक सेटेलाईट स्वच्छ, सुंदर और हरित परिवेश को प्रमुखता दी। उसकी कलाकृति में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रकृति के संरक्षण का संतुलित स्वरूप दिखाई दिया। दक्ष ने बताया कि वह ऐसे भारत की कल्पना करता है, जहां स्वच्छ वातावरण हो, पर्याप्त हरियाली हो और बच्चों को पढ़ने-सीखने के लिए बेहतर माहौल मिले।
गरिमा ने उभारी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण और शसक्त परिवार की तस्वीर
पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के माध्यमिक शाला गुडरूमुड़ा की कक्षा 8वीं की छात्रा सुश्री गरिमा ने शिक्षा, समान अवसर और महिला सशक्तिकरण और शसक्त परिवार को अपनी प्रस्तुति का प्रमुख विषय बनाया। उसने कहा कि बेटियों को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें तथा महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अंतिमा ने दिखाई तकनीकी प्रगति, अंतरिक्ष यान , बुलेट ट्रेन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा
सेजेस एनसीडीसी विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा सुश्री अंतिमा कुमारी ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए अपनी कलाकृति तैयार की। अंतिमा ने कहा कि भारत विज्ञान और तकनीक में निरंतर आगे बढ़े, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें और विकास के साथ प्रकृति का संरक्षण भी सुनिश्चित हो।
तीनों विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी आयु और वर्ग के अनुरूप विचारों की विविधता दिखाई दी। जहां दक्ष ने स्वच्छ और हरित परिवेश को महत्व दिया, वहीं गरिमा ने शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण और अंतिमा ने विज्ञान, रोजगार तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता दी।
अतिथियों ने की प्रतिभा की सराहना
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में तीनों विद्यार्थियों द्वारा अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अतिथियों ने उनकी कला, कल्पनाशीलता और विषय की समझ की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों को अपनी सोच और सामाजिक सरोकारों को सहज एवं प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर देती हैं। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को निरंतर रचनात्मक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने विकसित भारत की विविध तस्वीरों को सामने रखा। इन नन्हे कलाकारों के रंगों में स्वच्छता, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी प्रगति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विचारों का सुंदर समावेश देखने को मिला।









