
अम्बिकापुर 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर आमजनों के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण का माध्यम बन रहे हैं। ग्राम नवापारा कला निवासी आनंद कुमार चौहान को भी दरिमा तहसील में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
आनंद कुमार चौहान ने बताया कि उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था। इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर तहसील कार्यालय में जमा किए थे। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र लंबित था। दरिमा तहसील में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्होंने पुनः आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें प्रदान किया गया।
शिविर में ही लंबित प्रकरण का निराकरण होने से आनंद को प्रमाण पत्र के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज तहसील में जमा किए थे। सेवा संकल्प अभियान के शिविर में आज जन्म प्रमाण पत्र मिल गया। शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है, इससे मैं बहुत संतुष्ट हूं।”
बेटी का जन्म प्रमाण पत्र मिलने पर आनंद कुमार चौहान ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसमस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
अम्बिकापुर 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान के तहत अंबिकापुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत दरिमा तहसील कार्यालय में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।
विभिन्न विभागों से संबंधित 18 आवेदन प्राप्त
शिविर में राजस्व विभाग , खाद्य विभाग , पंचायत विभाग , कृषि विभाग , स्वास्थ्य, श्रम सहित विभिन्न विभागों के 18 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को आवश्यक कार्यवाही एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, मत्स्य, शिक्षा एवं श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 05 अक्टूबर 2026/ आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ठ विद्यार्थी उड़ान योजना (पूर्व में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना) वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 05 जुलाई 2026 आयोजित किया गया था , जिसका परीक्षा परिणाम 06 जुलाई को घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम में आपत्ति होने पर परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा परिणाम से संबंधित दावा आपत्ति 09 जुलाई तक मंगाए गए, जिसमें कोई भी दावा आपत्ति प्राप्त नहीं हुआ है। चयन परीक्षा उपरान्त दावा आपत्ति पश्चात वरीयता के आधार पर अंतिम मेरिट सूची जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि मेरिट सूची के आधार पर 14 जुलाई 2026 को काउंसलिंग की कार्यवाही की गई, जिसे शासन के आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास के निर्देशानुसार निरस्त किया गया। मेरिट सूची में से अनुसूचित जाति वर्ग के 01 विद्यार्थी एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के शीर्ष 40 विद्यार्थियों की काउंसलिंग 06 अक्टूबर को प्रातः 10ः30 बजे से कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास अम्बिकापुर में किया जाना है। उन्होंने शीर्ष 40 विद्यार्थी एवं उनके पालकों को सूचित किया गया है कि समस्त दस्तावेज जिसमें कक्षा 4थी की अंकसूची, स्थाई जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं पालकों की सहमति पत्र एवं आयकरदाता न होने का प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।









